लखनऊ में परीक्षा देने निकली दो युवतियों के साथ दरिंदगी की कोशिश करने वाले ऑटो चालक को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पहले दोनों युवतियों को चारबाग बस अड्डे से ऑटो में बैठाया और फिर उन्हें सुनसान इलाके में ले जाकर जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने मारपीट की और दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
हरदोई जिले से आरोपी का ताल्लुक
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान हसीब के रूप में हुई है, जो हरदोई जिले के कछौना थाना क्षेत्र के मिर्जानपुर गांव का रहने वाला है। फिलहाल वह लखनऊ के पारा इलाके में रह रहा था। बताया जा रहा है कि 7 जून यानी रविवार सुबह दोनों युवतियां परीक्षा देने जा रही थीं। इसी दौरान चारबाग बस अड्डे के पास आरोपी ने उन्हें आलमबाग छोड़ने के बहाने अपने ऑटो में बैठा लिया।
आरोप है कि रास्ते में वह ऑटो को पारा थाना क्षेत्र के रामलीला ग्राउंड के पास सुनीसान जगह पर ले गया और वहां दोनों युवतियों के साथ जबरदस्ती करने लगा। जब युवतियों ने विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें घायल कर दिया। किसी तरह पीड़िता पुलिस तक पहुंची और घटना की जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई।
आरोपी के पैर में लगी गोली
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी के ऑटो को घेरने की कोशिश की, लेकिन खुद को फंसता देख उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया ऑटो, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि हसीब पहले भी इसी तरह के मामलों में शामिल रह चुका है। साल 2024 में हरदोई के संडीला इलाके में उसने एक महिला को ऑटो में बैठाकर सुनसान जगह पर ले जाकर दुष्कर्म किया था। उस मामले में वह जेल भी जा चुका है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।