उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इस बीच, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) प्रमुख और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने यूपी चुनाव में गठबंधन को लेकर बड़ा बयान दिया है। कानपुर में एक रैली के दौरान ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में अकेले चुनाव लड़ने के बजाय गठबंधन के साथ चुनाव मैदान में उतरना चाहती है। उन्होंने कहा कि इसे लेकर हम 2 अक्टूबर तक फैसला ले लेंगे।
कानपुर के छावनी क्षेत्र स्थित बाबूपुरवा ईदगाह मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा कि AIMIM किसी संभावित राजनीतिक गठबंधन की घोषणा करने से पहले 02 अक्टूबर तक इंतजार करेगी। उन्होंने विपक्षी दलों से साथ आने का आह्वान किया। उन्होंने ने कहा, "...AIMIM ने साफ कर दिया है कि हम नहीं चाहते कि यूपी में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बने। हमने सभी राजनीतिक पार्टियों से कहा है; अगर आप बीजेपी को सत्ता में लौटने से रोकना चाहते हैं, तो आइए और AIMIM के साथ हाथ मिलाइए। हम और आप मिलकर 'बाबा' को दोबारा उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने से रोकेंगे।"
"हम आपके साथ हाथ मिलाने को तैयार"
उन्होंने कहा, "अगर किसी राजनीतिक पार्टी के सदस्य मेरे बार-बार दिए गए बयानों को कमजोरी का संकेत समझते हैं, तो मैं उन्हें पूरे सम्मान के साथ बताना चाहता हूं कि यह खामोशी तूफान से पहले की शांति है। इसे कमजोरी न समझें... हम आपके साथ हाथ मिलाने को तैयार हैं। आपने बिहार चुनावों के दौरान मेरे प्रस्ताव को ठुकरा दिया था, जब हमने 6 सीटें मांगी थीं, ताकि हम मिलकर चुनाव लड़ सकें। लेकिन आपने हमारा मजाक उड़ाया और AIMIM और मुझ पर झूठे आरोप लगाए।"
"हम 2 अक्टूबर तक इंतजार करेंगे"
ओवैसी ने आगे कहा, "अखिलेश यादव ने सीमांचल में अपनी पार्टी के 3-4 मुस्लिम सांसदों को भेजा... फिर भी, सीमांचल के लोगों ने आपकी झूठ का जवाब अपनी एकता से दिया। उन्होंने अपनी राजनीतिक स्थिति को मज़बूत करने के लिए वोट देने के अपने अधिकार का दृढ़ता से इस्तेमाल करके आपके आरोपों का जवाब दिया। आपने किशनगंज, कटिहार और अररिया में अपने मुस्लिम सांसदों को मैदान में उतारा, लेकिन मैं सीमांचल की बेटियों, माताओं और बहनों को सलाम करता हूं। उन्होंने इन लोगों के झूठ को पहचान लिया और कहा, 'असदुद्दीन ओवैसी हमारे भाई, हमारे बेटे, हमारे नेता हैं; हम उनकी पार्टी को वोट देंगे।' इसलिए, मैं बस यही दोहरा सकता हूं; चुनाव के बाद रोना मत... हम 2 अक्टूबर तक इंतजार करेंगे, और फिर, हम जिसके साथ भी गठबंधन करेंगे, उसी दिन उसकी घोषणा करेंगे और उनके साथ मिलकर UP का चुनाव लड़ेंगे।"
(इनपुट- ANI)
ये भी पढ़ें-
केरल में भारी बारिश का कहर, भूस्खलन और फ्लैश फ्लड से 5 की मौत, 2 लापता