1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अयोध्या में भीषण ब्लास्ट के बाद मकान ढहा, 3 बच्चों समेत 5 लोगों की मौत, कई अन्य घायल

अयोध्या में भीषण ब्लास्ट के बाद मकान ढहा, 3 बच्चों समेत 5 लोगों की मौत, कई अन्य घायल

 Reported By: Ruchi Kumar Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Oct 09, 2025 10:03 pm IST,  Updated : Oct 09, 2025 11:48 pm IST

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में स्थित पगला भारी गांव में गुरुवार को एक भीषण धमाके से मकान ढह गया, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वालों में 3 बच्चे भी शामिल हैं। इस हादसे में कई अन्य घायल भी हुए हैं।

Ayodhya blast, Ayodhya blast house collapse, children killed- India TV Hindi
अयोध्या में ब्लास्ट के बाद मकान ढहने से 5 लोगों की मौत हो गई। Image Source : REPORTER INPUT

अयोध्या: उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले के पगला भारी गांव में गुरुवार को एक भीषण धमाके के बाद मकान ढहने से 5 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 3 बच्चे भी शामिल हैं। इस धमाके में कई लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा थाना पूराकलंदर क्षेत्र के अंतर्गत हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, धमाका पटाखों या गैस सिलेंडर के फटने की वजह से हो सकता है। फिलहाल, इसकी सही वजह की जांच की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं।

सीएम योगी ने लिया हादसे का संज्ञान

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुखद हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। सीएम ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने और उनका समुचित इलाज सुनिश्चित करने के लिए कहा। साथ ही, उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। थाना पूराकलंदर के नजदीक हुए इस हादसे के बाद जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। धमाके की वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर

प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि पटाखों के विस्फोट या गैस सिलेंडर के फटने से यह हादसा हुआ। हालांकि, जांच पूरी होने के बाद ही सटीक कारण स्पष्ट हो पाएगा। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 5 लोगों को मृत घोषित कर दिया। धमाके में 3 बच्चों की मौत ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है। बाकी घायलों का इलाज चल रहा है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। (इनपुट: अखंड सिंह)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।