Sunday, February 15, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर धमाके में नया खुलासा, घरों और गोदामों में था अवैध पटाखों का भंडारण, सामने आया घटना का CCTV

कानपुर धमाके में नया खुलासा, घरों और गोदामों में था अवैध पटाखों का भंडारण, सामने आया घटना का CCTV

Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav Published : Oct 09, 2025 07:39 am IST, Updated : Oct 09, 2025 10:23 am IST

कानपुर के मखानिया बाजार में कल शाम हुए स्कूटी में विस्फोट के सीसीटीवी फुटेज से साफ जाहिर है कि इलाके में अवैध पटाखा भंडारण और अवैध पटाखा बिक्री का काम जोरों पर था। पुलिस और एसटीएफ ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाकर भारी मात्रा में अवैध पटाखा बरामद किया और 6 लोगों को हिरासत में लिया है।

कानपुर धमाके का सीसीटीवी- India TV Hindi
Image Source : REPORTER कानपुर धमाके का सीसीटीवी

कानपुर : मेस्टन रोड के मिश्री बाजार में बुधवार शाम हुए जोरदार धमाके की जांच में एक चौंकाने वाला मोड़ आ गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुस्लिम बहुल इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध पटाखों का भंडारण हो रहा था। पुलिस ने इलाके में घर-घर जाकर छानबीन शुरू कर दी है, जबकि घायलों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है। सभी गंभीर घायलों को लखनऊ के केजीएमयू में रेफर किया गया है। मौके पर देर रात तक इलाके की सकरी गलियों में घर-घर, दुकानों के ताले तोड़कर पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया।  

स्कूटी में नहीं हुआ था ब्लास्ट 

सीसीटीवी के आधार पर पुलिस का कहना है की स्कूटी में ब्लास्ट नहीं हुआ है। जैसा कि सीसीटीवी में देखा जा रहा है। दुकान में तखत के नीचे पटाखों का डब्बा है। उसमें किसी कारण आग लगी और लो इंटेंसिटी ब्लास्ट हुआ। दिवाली में बेचने के लिए अवैध तरीके से दुकानों में पटाखे रखे गए थे। दुकान मालिक समेत करीब 8 लोग हिरासत में लिए गए हैं।

लोगों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की

घटना स्थल पर पहुँचे कानपुर पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने गुरुवार को मीडिया से बात करते हुए बताया कि शुरुआत में स्थानीय लोगों ने जांच को भटकाने का प्रयास किया, लेकिन फॉरेंसिक टीम को ठोस सबूत मिले हैं। मिश्री बाजार में पाबंदी के बावजूद अवैध पटाखों का बड़ा और गुप्त कारोबार फल-फूल रहा था, जो चोरी-छिपे बेचे जाते थे। जॉइंट कमिश्नर आशुतोष कुमार ने पुष्टि की कि धमाका बैटरी फटने या विस्फोटक पदार्थ से जुड़ा है। इसके बाद पुलिस ने मोहल्ले के सभी संदिग्ध मकानों की तलाशी के आदेश जारी कर दिए हैं। बम स्क्वायड और खुफिया टीम मौके पर डेरा डाले हुए हैं। किसी प्रकार की संदिग्धता होने पर कार्यवाही तय है।

यहां देखें ब्लास्ट का वीडियो

घायलों की हालत गंभीर: 5 को 50% से ज्यादा झुलसे, लखनऊ रेफर

घटना में 8 लोग घायल हुए, जिनमें से 5 की हालत नाजुक है। सहाना (70 वर्ष), अब्दुल (60 वर्ष), रियादीन (70 वर्ष) और अश्वनी कुमार (50 वर्ष) 50% से अधिक झुलस गए हैं। इन्हें उर्सला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ के केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। बाकी दो—मुर्शिद और रहीस—का उर्सला में इलाज चल रहा है। जॉइंट कमिश्नर ने बताया कि सभी खतरे से बाहर हैं, लेकिन पूर्ण जांच के बाद ही डिस्चार्ज होगा। भगदड़ में मामूली चोटें लगने वालों को प्राथमिक उपचार देकर घर भेज दिया गया।

दुकानदारों की आपबीती: आग के गोले से झुलसे लोग, दुकानें तबाह

मिश्री बाजार के दुकानदार अब्दुल हमीद (खिलौना विक्रेता) ने बताया कि स्कूटी उनकी दुकान के ठीक सामने खड़ी थीं। धमाके से निकली आग के गोले से कई लोग झुलस गए। पड़ोसी मोहम्मद आमिर (मेकअप सामग्री विक्रेता) के बेटे सैयाब और कर्मचारी मोहसिन को गंभीर चोटें आईं। कैफे संचालक शाहबाज अख्तर ने कहा कि विस्फोट इतना जोरदार था कि आमिर की दुकान की फॉल्स सीलिंग ढह गई, जबकि काशिफ, अब्दुल और मुजाहिद की स्पोर्ट्स व खिलौना दुकानों की दीवारें हिल गईं। सड़क पर 5-6 लोग तड़पते नजर आए।

पुलिस की अपील: अफवाहें न फैलाएं, जांच में सहयोग करें

पुलिस ने इलाके को सील कर दिया है और घर-घर चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। कमिश्नर रघुवीर लाल, और जॉइंट कमिश्नर आशुतोष कुमार ने लोगों से शांति बनाए रखने और जांच में सहयोग की अपील की है, उन्होंने कहा कि अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई होगी और जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा। फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है, जो धमाके के सटीक कारण स्पष्ट करेगी।

कानपुर से अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement