बहराइच: यूपी के बहराइच में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 14 साल के बच्चे को मगरमच्छ पानी में खींच ले गया है। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई लेकिन अब तक बच्चे का शव बरामद नहीं हो सका है। घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
Related Stories
क्या है पूरा मामला?
जनपद बहराइच के थाना सुजौली क्षेत्र अंतर्गत कतर्नियाघाट वन रेंज के आम्बा गांव में चाची के साथ खेत में काम कर रहे बालक को मगरमच्छ पानी में खींच ले गया। शव की तलाश में ग्रामीण जुटे हुए हैं। आम्बा गांव निवासी विनोद का 14 वर्षीय बालक अनिल बुधवार की शाम को 5.30 बजे अपनी चाची राजकुमारी के साथ हल्दी के खेत में घास निकाल रहा था।
खेत गेरुआ नदी से सटा हुआ है। इस दौरान मगरमच्छ ने खेत किनारे से बालक को पानी में खींच लिया। चाची अकेले थी जो हाका लगाती रहीं लेकिन मगरमच्छ बालक को नदी में खींचकर शव को लेकर छिप गया। महिला की गुहार पर ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई।
लोगों की सूचना पर पुलिस टीम के चौकी इंचार्ज मंजेश कुमार, एसआई अक्षेलाल यादव, दीवान आत्माराम, दीवान अमरजीत मौके पर पहुंचे। इस दौरान मगरमच्छ नदी में बालक की गर्दन दबोचकर तैरता हुआ दिखाई दिया, जिसके बाद वह फिर पानी में छिप गया।
लोगों ने कतर्नियाघाट रेंज कार्यालय पर सूचना दी है। मगरमच्छ का शिकार हुआ बालक परिवार में इकलौता था। बच्चे का पिता बलिया जनपद में मजदूरी करने गया था। घटना की सूचना लोगों ने पिता को फोन पर दी है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। लोगों की भारी भीड़ नदी के किनारे बालक की तलाश में जुटी हुई है।
मौके पर पहुंची पुलिस लोगों को संभालने में लगी है लेकिन अब तक बच्चे का कुछ पता नहीं लग सका है। इस घटना से बच्चे के परिवार पर दुख का पहाड़ गिर गया है। (इनपुट: बच्चे भारती)