उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के बौंडी थाना क्षेत्र के नंदवल गांव में एक गर्भवती महिला को असहनीय प्रसव पीड़ा हुई, जिसके चलते वो बुरी तरह से तड़पने लगी और खुद ही ब्लेड से अपना पेट फाड़ लिया। महिला की चीख सुनकर पड़ोस में रहने वाले लोग उसके घर पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। घटना आज गुरुवार दोपहर की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 35 वर्षीय ननकई के पति की करीब छह महीने पहले मौत हो चुकी है। पति की मृत्यु के समय ननकई गर्भवती थी। गुरुवार दोपहर जब उसे अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई, तो घर में कोई मौजूद नहीं था। दर्द जब बर्दाश्त से बाहर हो गया, तो महिला ने बदहवासी में घर में रखे ब्लेड से अपना पेट चीर लिया।
महिला की चीखें सुनकर जब पड़ोस के लोग उसके घर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए। महिला खून से लथपथ तड़प रही थी। आनन-फानन में मामले की जानकारी उसकी मां को दी गई और ग्रामीणों की मदद से उसे स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र फखरपुर ले जाया गया।
फखरपुर स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला का प्रसव कराया। इस दौरान ननकई ने एक बेटी को जन्म दिया। हालांकि, खुद से किए गए घाव के कारण महिला की हालत काफी नाजुक बनी हुई थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन वहां भी सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया है। अस्पताल में बातचीत के दौरान महिला ने बताया कि प्रसव पीड़ा बर्दाश्त नहीं होने के चलते उसने अपना पेट फाड़ लिया था।
(रिपोर्ट- बच्चे भारती)
ये भी पढ़ें-
'फ्लाइंग किस' देना पड़ा भारी, 9 साल पुराने मामले में कोर्ट ने सुनाई सजा, अब युवक है शादीशुदा
TMC सांसद महुआ मोइत्रा पहुंची दिल्ली हाई कोर्ट, कुत्ते हेनरी की मांगी कस्टडी; कौन है असली मालिक?
संपादक की पसंद