Tuesday, March 10, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. संभल हिंसा मामले के अब तक 65 आरोपियों की जमानत याचिका हुई खारिज, जानिए क्या है वजह?

संभल हिंसा मामले के अब तक 65 आरोपियों की जमानत याचिका हुई खारिज, जानिए क्या है वजह?

Edited By: Dhyanendra Chauhan @dhyanendraj Published : Mar 01, 2025 07:29 pm IST, Updated : Mar 01, 2025 07:34 pm IST

संभल हिंसा मामले में 4 लोगों की मौत हो गई थी। दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। संभल में ये हिंसा पिछले साल नवंबर के महीने में हुई थी। हिंसा रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने मोर्चा संभाला हुआ था।

संभल हिंसा- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO संभल हिंसा

उत्तर प्रदेश के संभल जिले की एक अदालत ने पिछले साल 24 नवंबर को हुई हिंसा के 17 आरोपियों की जमानत याचिका खारिज कर दी है। इसके साथ ही अब तक 65 आरोपियों की याचिका खारिज हो चुकी है। एक शासकीय अधिवक्ता ने शनिवार को यह जानकारी दी। 

गुरुवार को खारिज हुईं थी 18 जमानत याचिका

अपर जिला शासकीय अधिवक्ता (ADGC) हरि ओम प्रकाश सैनी ने बताया कि अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश निर्भय नारायण राय ने शुक्रवार को संभल हिंसा मामले में 17 आरोपियों की जमानत याचिका खारिज कर दी। इसके पहले गुरुवार को ऐसी 18 जमानत याचिकाएं खारिज कर दी थीं। 

26 नवंबर को हुई हिंसा में 4 की गई थी जान

हरि ओम प्रकाश सैनी ने बताया कि इस मामले में अब तक 65 जमानत याचिकाएं खारिज हो चुकी हैं, शेष याचिकाओं पर अन्य तारीखों पर सुनवाई होनी है। सैनी ने कहा, 'हमने माननीय न्यायालय के समक्ष दलीलें पेश कीं कि 24 नवंबर की घटना में चार निर्दोष लोगों की जान गई है। इन आरोपियों ने पुलिसकर्मियों की हत्या करने की नीयत से ऐसे साधनों का इस्तेमाल किया, जिसमें पथराव भी शामिल था, गोलीबारी भी की गई।' 

जमानत के लिए दायर हुईं 87 याचिकाएं

सैनी ने कहा, "पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली है। उनके पास से गोलियां और अन्य सामान भी बरामद किया गया है। ये सभी दलीलें मैंने अदालत में पेश कीं, जिसके आधार पर कल और परसों की सभी जमानत याचिकाएं माननीय अदालत ने खारिज कर दीं।' उन्होंने बताया कि इस मामले में जमानत के लिए 87 याचिकाएं दायर की गई थीं, जिनमें से अब तक 65 याचिकाएं अदालत ने खारिज कर दी हैं और बाकी अन्य सुनवाई के लिए लंबित हैं। 

स्थानीय लोगों की सुरक्षाकर्मियों संग हुई झड़प

पिछले साल 19 नवंबर से संभल में तनाव व्याप्त था, जब अदालत के आदेश पर शाही जामा मस्जिद का सर्वेक्षण किया गया था। ऐसा दावा किया गया था कि उस स्थान पर पहले एक हरिहर मंदिर था। दूसरे सर्वेक्षण के दौरान 24 नवंबर को विरोध कर रहे स्थानीय लोगों की सुरक्षाकर्मियों से झड़प हो गई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हो गए। (भाषा के इनपुट के साथ)

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement