1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. तीन दिन से मकान में बंद था युवक, दरवाजा खुला तो मिला शव; बदहवास हालत में मिले पिता

तीन दिन से मकान में बंद था युवक, दरवाजा खुला तो मिला शव; बदहवास हालत में मिले पिता

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Mar 09, 2026 02:52 pm IST,  Updated : Mar 09, 2026 03:00 pm IST

पड़ोसियों को शक हुआ, तो उन्होंने मकान मालिक के अन्य परिजनों को इसकी जानकारी दी। तलाशी के दौरान छत पर युवक का शव बरामद हुआ, जबकि उसके पिता अचेत अवस्था में पड़े मिले।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE (PTI)

बिहार के बलिया जिले के सहतवार कस्बे से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। वार्ड नंबर- 8 स्थित एक घर के भीतर 35 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ है, जबकि उसके 61 वर्षीय पिता अचेत अवस्था में पाए गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पिछले तीन दिनों से उस मकान में कोई हलचल नहीं हो रही थी और दरवाजा अंदर से बंद था। पड़ोसियों को जब शक हुआ, तो उन्होंने बलिया शहर में रह रहे मकान मालिक के अन्य परिजनों को इसकी सूचना दी। परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति को भांपते हुए पुलिस को सूचित किया।

दरवाजा तोड़कर भीतर घुसी पुलिस

सूचना मिलते ही सहतवार पुलिस मौके पर पहुंची। घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद होने की वजह से पुलिस को उसे तोड़कर भीतर दाखिल होना पड़ा। तलाशी के दौरान छत पर सोनू (35) और उसके पिता अशोक (61) अचेत अवस्था में पड़े मिले।

पिता की हालत नाजुक

पुलिस ने बिना देरी किए दोनों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद सोनू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, पिता अशोक की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

शराब की लत बनी मौत की वजह?

पुलिस की प्रारंभिक जांच और परिजनों के बयानों से एक चौंकाने वाली बात सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, परिजनों का कहना है कि सोनू और उसके पिता दोनों ही अत्यधिक शराब पीने के आदी थे। सहतवार पुलिस ने सोनू के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।

ये भी पढ़ें-

पिता ने मस्जिद की दीवार पर नाबालिग बेटे से लिखवाए जय श्री राम के नारे, गिरफ्तार

"सोचा नहीं था इतनी जल्दी नेता बन जाऊंगी", इंडिया टीवी के SHE कॉन्क्लेव कार्यक्रम में बोलीं मैथिली ठाकुर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।