1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बिजली गुल और नशे में धुत कर्मचारी, आधी रात सब स्टेशन पहुंचीं विधायक केतकी सिंह, फोन न उठाने पर अफसरों को लगाई फटकार

बिजली गुल और नशे में धुत कर्मचारी, आधी रात सब स्टेशन पहुंचीं विधायक केतकी सिंह, फोन न उठाने पर अफसरों को लगाई फटकार

 Published : Jul 18, 2026 07:50 pm IST,  Updated : Jul 18, 2026 07:50 pm IST

केतकी सिंह ने एसडीएम को फोन लगाकर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने बताया कि एसडीओ और जेई फोन नहीं उठा रहे हैं और कई घंटे से बिजली बंद है। इसके साथ ही उन्होंने व्यवस्था सही करने को कहा।

ketki singh- India TV Hindi
केतकी सिंह Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश में बलिया जिले के बांसडीह से भाजपा विधायक केतकी सिंह बिजली व्यवस्था को लेकर भड़क गईं। देर रात 12 बजे वह रेवती विद्युत उपकेंद्र पर पहुंच गईं। विधायक केतकी सिंह ने बताया कि वह बेवजह 24 घंटे से बिजली सप्लाई बंद होने की शिकायत पर उपकेंद्र पहुंची थीं। वहां, उन्होंने एक विद्युतकर्मी को शराब के नशे में देखा, जिसके बाद वह और भड़क गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता, एसडीओ और जेई ने उनका फोन नहीं उठाया। थक हार कर विधायिका ने एसडीएम से बात की और तत्काल व्यवस्था सही करने की मांग की। मामला रेवती उपकेंद्र का है।

एसडीएम को फोन लगाने के बाद उन्होंने कहा कि वह एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रेवती पहुंची थीं। इस दौरान सभी लोगों ने उनसे बिजली कटौती की शिकायत की। विधायक ने जब समस्या का समाधान निकालने के लिए बिजली ऑफिस में फोन लगाया तो किसी ने उनका फोन नहीं उठाया।

बिजली विभाग के किसी अधिकारी ने नहीं उठाया फोन

बिजली विभाग के किसी अधिकारी ने फोन नहीं उठाया तो विधायक खुद वहां पहुंच गईं। वहां सिर्फ एक कर्मचारी था। ऐसे में उन्होंने एसडीएम से कहा कि अगर सभी अधिकारियों को मोबाइल बंद रहेगा तो कैसे काम चलेगा। इस दौरान उन्होंने एसडीएम की तारीफ भी की, क्योंकि उन्होंने सिर्फ दो घंटी में ही फोन उठा लिया था। उन्होंने बताया कि तीन-तीन बार फोन करने पर भी बिजली विभाग के अधिकारी फोन नहीं उठा रहे हैं। कुछ कर्मचारियों का फोन बंद है।

लापरवाह अधिकारियों को लगाई फटकार

विधायक काफी गुस्से में थीं, क्योंकि बिजली विभाग के किसी अधिकारी से वह बात नहीं कर पाई थीं। ऐसे में उन्होंने कहा,"सबका मोबाइल बंद है। मैं यहीं बैठी हूं। बताइए ये सब मोबाइल बंद करके अपने घरों में सोने के लिए आए हैं। आपका 2 घंटी में फोन उठता है और ये सब मोबाइल बंद करके घर पर सोएंगे और आम जनमानस पंखा लेकर रोड पर रहेगी। मैं यहां बैठी हुई हूं। यहां का जो भी कर्मचारी है, छोटामोटा कोई बेचारा कर्मचारी लग रहा है। पी लिया है। कोई देखने वाला नहीं है। अगर टाउन एरिया में लाइट नहीं आई तो मैं समझा दूंगी। सरकार 18 घंटे बिजली दे रही है तो ये मनमानी क्यों कर रहे हैं।

(बलिया से अमित कुमार की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

ओवरटाइम में शराब नहीं मिली तो काट दी ठेके की बिजली, CCTV फुटेज आया सामने; जांच में जुटी पुलिस

"बिना मुझसे पूछे बिजली महंगी क्यों की?" ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने UPPCL चेयरमैन को लेटर लिखकर पूछे तीखे सवाल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।