1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी के बलरामपुर में गोली लगने से एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, मौके से 3 तमंचे और खून लगी कैंची बरामद

यूपी के बलरामपुर में गोली लगने से एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, मौके से 3 तमंचे और खून लगी कैंची बरामद

 Written By: Vinay Trivedi
 Published : Jul 31, 2026 10:49 pm IST,  Updated : Jul 31, 2026 11:42 pm IST

बलरामपुर से सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसमें एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में 3 साल की एक बच्ची और करीब 1 साल की उम्र का मासूम भी है।

बलरामपुर में एक ही...- India TV Hindi
बलरामपुर में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत से हड़कंप मच गया है। Image Source : REPORTERS INPUT

यूपी के बलरामपुर में दिल दहलाने देने वाली घटना हुई है। दरअसल, बलरामपुर में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में पति-पत्नी समेत 3 वर्ष की श्रद्धा और करीब 1 साल की उम्र का मासूम जयदीप भी शामिल है। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जांच के दौरान, मौके से 3 अवैध कट्टे भी बरामद किए गए हैं। घटना की जांच में पुलिस टीम जुटी हुई है। यह घटना कोतवाली देहात के झौंहना गांव में हुई है।

एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत से हड़कंप

इस घटना पर एसपी बलरामपुर विकास कुमार ने कहा कि थाना कोतवाली देहात के गांव झौवना से पुलिस को शाम लगभग साढ़े 6 के आसपास ये सूचना मिली कि एक घर में चार व्यक्तियों की मृत्यु हो गई है। तत्काल थाने की पुलिस, मैं खुद और सभी पुलिस अधिकारी गण मौके पर पहुंचे। जो देखने में प्रथम दृष्टया पता चला कि इसमें चार व्यक्ति हैं। एक बजरंगी गिरी, जिनकी उम्र लगभग 28 साल है। उनकी पत्नी कोमल गिरी जिनकी उम्र लगभग 25 साल है। इनके दो बच्चे, एक बच्ची है श्रद्धा जिसकी उम्र लगभग 3 वर्ष है और एक बच्चा है जयदीप जिसकी उम्र लगभग 1 साल है।

4 में 3 लोगों के शरीर पर गोली के निशान

एसपी बलरामपुर ने आगे कहा कि देखने से ये पता चला कि बजरंगी, कोमल और उनकी जो बड़ी बेटी है इन तीनों को फायर आर्म इंजरी प्रतीत हो रहा है। लेकिन एक्चुअल मृत्यु का कारण पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल पाएगा। जो छोटा बच्चा जयदीप है, उसके शरीर पे कोई फायर आर्म इंजरी अभी हमें देखने को नहीं मिला है। और लेकिन घाव उसके शरीर पे देखने को मिले हैं। और इसका भी मृत्यु का कारण पोस्टमार्टम के बाद ही पता चलेगा।

मौके से 3 तमंचे और खून लगी कैंची बरामद

एसपी विकास कुमार ने बताया, 'हम लोगों ने जब घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिवार जनों से पूछताछ की तो इन्ही के छोटे भाई ने हमें 3 तमंचे दिए गए। उनके भाई के मुताबिक, वो तमंचे बॉडी के पास थे। उन लोगों ने तमंचे को हटा दिया था। घर के जिस कमरे में घटना हुई थी वहां एक कैंची भी मिली है जिसपर खून लगा हुआ है। दूसरे रूम में भी बक्से पर कुछ ब्लड के ड्राप्स हैं। यहां एक सीसीटीवी कैमरा भी है लेकिन उसमें कोई घटना कैद नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है।' इससे पहले कानपुर में हत्या का मामला सामने आया था, जिसमें बेटी होने पर पति ने कथित रूप से पत्नी को जहर देकर मार डाला और फरार हो गया।

(इनपुट- आनंद मणि तिवारी)

ये भी पढ़ें- पत्नी और तीन बेटों की कर दी थी बेरहमी से हत्या, अब कोर्ट ने सुनाई फांसी की सजा, दो लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।