1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बाराबंकी में करोड़ों की चोरी मचा हड़कंप, चोरों ने पार्किंग में खड़ी कार से उड़ाए 1 करोड़ के जेवर और नगदी

बाराबंकी में करोड़ों की चोरी मचा हड़कंप, चोरों ने पार्किंग में खड़ी कार से उड़ाए 1 करोड़ के जेवर और नगदी

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Jun 17, 2026 02:32 pm IST,  Updated : Jun 17, 2026 02:32 pm IST

बाराबंकी में लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर मौजूद शंग्रीला फैमिली रेस्टोरेंट की पार्किंग से चोरी होने पर इलाके में हड़कंप मच गया। शातिर चोरों ने कार से 1 करोड़ के गहने और नकदी उड़ा ली।

Barabanki - India TV Hindi
बाराबंकी में 1 करोड़ के जेवर चोरी Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अब बाराबंरी से बड़ी चोरी की खबर सामने आई है। बाराबंकी में नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लखनऊ-अयोध्या हाईवे किनारे से शातिर चोरों ने 1 करोड़ के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। ये घटना हाईवे किनारे स्थित नामचीन शंग्रीला फैमिली रेस्टोरेंट की पार्किंग से हुई। 16 जून की रात ये घटना घटी।

दरअसल, एक परिवार बहराइच में एक शादी समारोह से शामिल होकर लखनऊ लौट रहा था। इस दौरान परिवार हाईवे किनारे स्थित मशहूर शंग्रीला फैमिली रेस्टोरेंट में कुछ देर के लिए रुका। इस बीच शातिर चोरों ने पार्किंग में खड़ी कार का शीशा तोड़कर करीब 1 करोड़ रुपये के जेवरात और 30 हजार रुपये की नगदी उड़ा ली। हैरान करने वाली बात ये है कि जब ये घटना घटी, तब रेस्टोरेंट में भारी भीड़ थी। यही वजह है कि इस चोरी की बड़ी वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।

रेस्टोरेंट की पार्किंग से चोरी हुए करोड़ों के गहने

चोरी की ये वारदात इकराम खान के साथ हुई, जो बाराबंकी के बदोसराय से ताल्लुक रखते हैं, लेकिन फिलहाल लखनऊ में रहते हैं। इकराम खान 16 जून की रात बहराइच में सपरिवार एक शादी में शरीक हुए। इसके बाद वापस लखनऊ लौटते हुए परिवार करीब रात 9 बजे हाईवे किनारे मौजूद शंग्रीला रेस्टोरेंट पर खाना खाने के लिए रुका।

कार को रेस्टोरेंट पार्किंग में खड़ा करके पूरा परिवार खाना खाने के लिए अंदर चला गया। करीब 1 घंटे बाद जब वे वापस लौटे, तो कार की खिड़की का शीशा टूटा हुआ था और करोड़ों के गहनों व नगदी से भरा बैग नदारद था। जिस रेस्टोरेंट की पार्किंग से गहने चोरी हुए, वो अपने वेज-नॉनवेज जायके के लिए इलाके में मशहूर है। शाम होते ही यहां ग्राहकों की भीड़ बढ़ जाती है और गाड़ियों की कतार लग जाती है। इसके बावजूद,भारी भीड़ के बीच चोरों ने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया, जिससे रेस्टोरेंट की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

पुलिस खंगाल रही CCTV 

पीड़ित इकराम खान ने बताया कि रेस्टोरेंट की पार्किंग गाड़ी खड़ी करने के बाद वह खाना खाने रेस्टोरेंट के अंदर चले गए। उनके साथ महिलाएं थीं। लखनऊ वाले घर पर कोई नहीं था, इसलिए सुरक्षा के लिहाज से अपना सारा सोना साथ ही ले आए थे। सोने वाले इसी बैग में 30 हजार रुपये की नगदी भी थी, जिसे चोर कार की खिड़की का शीशा तोड़कर चुरा ले गए। गाड़ी में महिलाओं के सवार होने की वजह से शायद चोरों को भनक लग गई थी कि कार के अंदर कोई कीमती सामान है। पीड़ित के अनुसार घटना के बाद रेस्टोरेंट कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की और पीड़ित परिवार को आगे की कार्रवाई के लिए अगले दिन बुधवार यानी 17 जून की सुबह बुलाया। पुलिस अब चोरों की तलाश में जुटी है और रेस्टोरेंट के CCTV की फुटेज खंगाल रही है।

embedvidgyor:2026/06/eelq8zmk}

(रिपोर्ट: दीपक निर्भय)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।