यूपी के बरेली में शनिवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। हादसे में थाना इज्जतनगर इलाके के रहने वाले 50 साल के पंकज और उनकी पत्नी सरिता की मौत हो गई, , जबकि उनकी 12 साल की बेटी और ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बरेली में कैंटर और ऑटो की जोरदार टक्कर
घटना शनिवार रात करीब 11 बजे इज्जतनगर थानाक्षेत्र स्थित पटेल ढाबे के सामने की है। पंकज सिंह अपनी पत्नी सरिता सिंह (44) और बेटी अंशिका के साथ एक पास के बारातघर में शादी में गए थे। देर रात तीनों ऑटो से घर लौट रहे थे। जैसे ही ऑटो सड़क पार करने लगा, उसी समय तेज रफ्तार से आ रहा कैंटर उसे जोरदार टक्कर मारते हुए आगे घसीटता चला गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि सरिता सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। पंकज सिंह ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। बेटी अंशिका और टेंपो चालक जाहिद गंभीर रूप से घायल हैं जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।
परिवार में मचा कोहराम
ऑटो कैंटर के अगले हिस्से में बुरी तरह फंस गया था। इस घटना के बाद मौके पर जाम लग गया जिसे पुलिस ने बाद में खुलवाया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और मोहल्ले में मातम फैल गया। मृतक पंकज सिंह रोडरोलर चलाते थे। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
(रिपोर्ट- विकास साहनी)
यह भी पढ़ें-
सड़क हादसे में सीनियर आईएएस अधिकारी समेत 3 लोगों की मौत, शादी समारोह में जाते वक्त पलटी कार