1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बिजनौर से मौत का लाइव Video: सर पर कफन बांध नहर में कूदे 3 युवक, 1 मिनट तक चली सांसों की जंग, एक जीता, दो हार गए

बिजनौर से मौत का लाइव Video: सर पर कफन बांध नहर में कूदे 3 युवक, 1 मिनट तक चली सांसों की जंग, एक जीता, दो हार गए

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Apr 19, 2025 02:33 pm IST,  Updated : Apr 19, 2025 02:33 pm IST

वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक पहले ही नहर के दूसरी तरफ निकल जाता है और उसकी जान बच जाती है। वहीं, दो युवक पानी के तेज बहाव में फंस जाते हैं और लाख कोशिश के बावजूद उनकी जान नहीं बचती है।

Drowning Video- India TV Hindi
नहर में डूबने का वीडियो Image Source : INDIA TV

उत्तर प्रदेश के बिजनौर से मौत का लाइव वीडियो सामने आया है। यहां तीन युवक एक साथ नहर में कूदे और इनमें से एक युवक तुरंत ही नहर के दूसरी तरफ पहुंच गया। वहीं, दो अन्य युवक तेज बहाव में फंस गए और खुद को बचाने के लिए जूझते रहे। अंत में पानी के तेज बहाव के आगे उन्हें घुटने टेकने पड़े और दोनों की डूबने से मौत हो गई। घटना के दो दिन बाद वीडियो सामने आया है, जिसमें जिंदगी के लिए दोनों युवकों की जद्दोजहद देखी जा सकती है।

मामला थाना हल्दौर के झालू नहर का है। यहां 2 दिन पहले शादी समारोह में आए युवक डूब गए थे। डूबने से आदिल और जीशान की मौत हो गई थी। वहीं, तीन युवकों को ग्रामीणों ने बचाया था। 

मौत का लाइव वीडियो वायरल

आदिल और जीशान की मौत का लाइव वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो नहर में नहाते समय बनाया गया था। मौत के दो दिन के बाद नहाने का वीडियो वायरल हुआ है। एक मिनट के इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक-एक करके तीन युवक नहर में छलांग लगाते हैं। इनमें से पहले युवक नहर में गिरते ही तेजी से दूसरे छोर की तरफ बढ़ने लगता है और जल्द ही किनारे पर पहुंच जाता है। हालांकि, दो अन्य युवक अति आत्मविश्वास में भी दिखाई दे रहे हैं। ये दोनों तेज बहाव के करीब ही छलांग लगाते हैं और बहते हुए मुख्य धारा में पहुंच जाते हैं। यहां फंसने के बाद दोनों बाहर निकलने के लिए बहुत मेहनत करते हैं, लेकिन कुछ काम नहीं आता।

पानी में डूबे युवक कई बार बाहर आते हैं, लेकिन तेज बहाव दोबारा उन्हें अंदर खींच लेता है। अंत में दोनों युवक एक मिनट तक जद्दोजहद करने के बाद सांसों की जंग हार जाते हैं और पानी के तेज बहाव में बह जाते हैं। यह पूरी घटना उनके ही किसी साथी ने कैमरे में कैद कर ली। अब इसका वीडियो वायरल हो रहा है, जो अन्य लोगों के लिए सबक बन सकता है।

(बिजनौर से रोहित त्रिपाठी की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।