1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'दिमाग खराब है तुम्हारा... पूरी चौकी को करा दूंगा निलंबित', BJP विधायक ने सिपाही को दी धमकी, जानिए पूरा मामला-VIDEO

'दिमाग खराब है तुम्हारा... पूरी चौकी को करा दूंगा निलंबित', BJP विधायक ने सिपाही को दी धमकी, जानिए पूरा मामला-VIDEO

 Published : Sep 20, 2025 07:39 pm IST,  Updated : Sep 20, 2025 08:00 pm IST

बीजेपी विधायक ने पुलिस चौकी में घुसकर सिपाही को जमकर धमकाया। बीजेपी विधायक ने धमकी देते हुए कहा कि चल नहीं पा रहे हो, दग जाओगे, गरीबों का खाओगे तो बीवी-बच्चे सब कोढ़ी हो जाएंगे।

बीजेपी विधायक ज्ञान तिवारी- India TV Hindi
बीजेपी विधायक ज्ञान तिवारी Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के सीतापुर की सेवता विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी MLA ज्ञान तिवारी ने खुले तौर पर पुलिस को धमकी दी है। बीजेपी विधायक तिवारी ने कहा, 'पूरी चौकी को निलंबित करवा दूंगा। इसकी लिखित रिपोर्ट अभी भेजो। तुम्हारा दिमाग खराब है तुम मेरा फोन तक नहीं उठाते। एक जनप्रतिनिधि को खुद चौकी पर आना पड़ रहा है। आपके पास मेरा नंबर भी नहीं है क्या। इस योगी राज में अगर पीड़ित की सुनी ही नहीं जाएगी तो फिर क्या सपा में उसकी सुनी जाएगी। ऐसे उदासीनता और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।'

युवक ने ठेकेदार से मांगी अपनी मजदूरी

ये धमकी सेवता से भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी ने दी है। सीतापुर की बहादुरगंज पुलिस चौकी में शुक्रवार की देर शाम एक युवक ने शिकायत की कि उसके ठेकेदार ने उसकी 10 हजार रुपए मजदूरी नहीं दी। जब वह मांगने जाता तो ठेकेदार उसे धमकी देकर भगा देता है।

ठेकेदार ने लूट का मुकदमा दर्ज कराने की दी धमकी

पीड़ित युवक की शिकायत पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। बल्कि ठेकेदार ने कहा कि अगर युवक ने उल्टा उसे पांच हजार रुपए नहीं दिए तो उसके खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज करवा देगा। पीड़ित ने इसकी शिकायत सेवता से भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी से कर दी। शिकायत मिलने के बाद विधायक रामपुर मथुरा क्षेत्र की बहादुरगंज पुलिस चौकी पहुंच गए।

खाट पर लेटा हुआ था ठेकेदार

वहां पहुंचे तो देखा कि एक आदमी पुलिस की बैरक में खाट पर लेटा हुआ था। इसके बाद विधायक ने चौकी इंचार्ज को बुलाया जो कि उस समय फील्ड में थे। एक सिपाही आया। विधायक ने बैरक में लेटे हुए आदमी के बारे में पूछा तो पता चला कि वह वहीं ठेकेदार है, जिसने पीड़ित युवक को धमकी दी थी और पीड़ित की मजदूरी नहीं दी थी। इतना देखते ही विधायक आग बबूला हो गए और उन्होंने चिल्लाते हुए सिपाही को जमकर फटकार लगाई। विधायक ने सिपाही से कहा, 'दिमाग खराब है तुम्हारा, चल नहीं पा रहे हो, दग जाओगे, गरीबों का खाओगे तो बीवी-बच्चे सब कोढ़ी हो जाएंगे। विधायक ने सिपाही को जमकर फटकार लगाई।

पुलिस के खिलाफ लिखवाउंगा मुकदमा- बीजेपी विधायक

विधायक ने सिपाही को डांटते हुए कहा, 'आपने आरोपी ठेकेदार को दरोगा के कमरे में कैसे लिटाया है। तुम्हारा दिमाग खराब है। तुम मुलजिमों को यहां बुलाकर लिटाओगे। मैंने अपनी नजर से देखा की ये यहां लेटा था और तुम कह रहे हो की तुमने देखा नहीं। कोई भी आएगा और ऐसे चौकी में लेट जाएगा। मैं तुम्हारे खिलाफ मुकदमा लिखवाउंगा।'

पुलिस ने विधायक का फोन तक नहीं उठाया

इसी दौरान चौकी इंचार्ज चौकी पर पहुंच गए। विधायक ज्ञान तिवारी ने चौकी इंचार्ज को डांटते हुए कहा कि मैं तेरे को तीन बार फोन मिलाया हूं। तुमने मेरा फोन तक नहीं उठाया। तेरे पास विधायक का नंबर क्यों नहीं है। एक जनप्रतिनिधि को चौकी आना पड़ रहा है।

पुलिस पर ग्रामीणों ने वसूली के लगाए आरोप

ग्रामीणों ने भी पुलिस पर वसूली के आरोप लगाए। हंगामे के दौरान पहुंचे ग्रामीणों ने भी चौकी पर अव्यवस्था, मनमानी व वसूली की शिकायतें कीं। विधायक ने एसपी अंकुर अग्रवाल को फोन किया और पूरे मामले की जानकारी दी। विधायक ने कहा, 'एसपी साहब ये दरोगा जी पीड़ित से ही 5 हजार मांग रहे हैं। आप इनको सीधे लाइन भेजिए। विधायक ने चेतावनी दी कि वे इस मामले को छोड़ेंगे नहीं और जरूरत पड़ी तो सभी दोषियों पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।'

पीड़ित लड़की भी पहुंची पुलिस स्टेशन

इसी बीच चौकी पर लड़की से छेड़खानी का एक केस आया। पुलिस आरोपियों को लेकर चौकी पहुंची तो विधायक ने कहा, 'लड़की से छेड़खानी करने वालों के लाठी से मारो। चाहे हिंदू हो या मुसलमान हो, किसी की भी लड़की हो, ऐसे लोगों की तगड़ी सेवा होनी चाहिए। बाबा के राज में ऐसे लोगों के टांग पर सीधे सेवा होती है और तुम लाठी मारने में पीछे हट रहे हो। ऐसे लोगों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।'

 बिरयानी खाकर कहेंगे ये पंडित हैं- विधायक

वहीं, किसी ने विधायक से कहा कि ठेकेदार पंडित है। इसपर विधायक और आग बबूला हो गए। उन्होंने कहा, 'पंडित हो चाहे झंडित हो दलिद्रता इन्हीं का कर्म है। ऐसे पंडित होते हैं। दारू, मुर्गा, बिरयानी खाकर कहेंगे पंडित हैं। ऐसे पंडित हैं तो ये रावण वाले होंगे। 

ठेकेदार और पुलिसकर्मी के खिलाफ शुरू हुई जांच

एसपी ने मामले के खिलाफ जांच का आश्वासन दिया। एसपी अंकुर अग्रवाल ने घटना की जांच का आश्वासन दिया है। कहा कि अगर शिकायतें सही पाई गईं तो अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक व कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में संबंधित ठेकेदार व पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच की जा रही है।

रिपोर्ट- मोहित मिश्रा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।