1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'AMU में होली मनाने से कोई नहीं रोक सकता, कोई मारपीट करेगा तो उसे पहुंचा दिया जाएगा ऊपर', ऐसा क्यों बोले BJP सांसद?

'AMU में होली मनाने से कोई नहीं रोक सकता, कोई मारपीट करेगा तो उसे पहुंचा दिया जाएगा ऊपर', ऐसा क्यों बोले BJP सांसद?

 Published : Mar 07, 2025 10:43 pm IST,  Updated : Mar 07, 2025 10:51 pm IST

अलीगढ़ से बीजेपी सांसद सतीश गौतम ने होली से पहले साफ चेतावनी जारी की है। उन्होंने कहा कि परिसर में होली खेलने के लिए कोई रोकेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी और बीजेपी सांसद- India TV Hindi
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी और बीजेपी सांसद Image Source : FILE PHOTO

अलीगढ़ से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद सतीश गौतम ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में होली मनाने संबंधी विवाद को यह कह कर और बढ़ा दिया कि ‘कोई भी किसी को एएमयू परिसर में होली मनाने से नहीं रोक सकता है।’ बीजेपी सांसद गौतम ने हिंदू छात्रों को अपना समर्थन देते हुए कहा, ‘अगर किसी हिंदू छात्र को परिसर में होली मनाने में कोई समस्या आती है तो उसकी मदद करने के लिए मैं मौजूद हूं।'

‘होली मिलन’ समारोह आयोजित न करने की सलाह

यह विवाद तब शुरू हुआ जब हिंदू संगठनों के सदस्यों ने एएमयू प्रशासन पर हिंदू छात्रों को परिसर में ‘होली मिलन’ समारोह आयोजित करने की अनुमति न देने का आरोप लगाया। बीजेपी सांसद गौतम ने इस विवाद को और बढ़ाते हुए कहा, ‘किसी भी जगह होली खेलने के लिए किसी की अनुमति की आवश्यकता नहीं है।’ 

कोई मारपीट करेगा तो ऊपर पहुंचा दिया जाएगा

ऐसे समारोहों से उत्पन्न होने वाली संभावित आपत्तियों या विवादों के बारे में पूछे जाने पर गौतम ने एक धमकी भरी टिप्पणी करते हुए कहा, ‘अगर कोई मार पीट करेगा तो उसे ऊपर पहुंचा दिया जाएगा।’ 

जानबूझकर विवाद खड़ा करने का आरोप

बुधवार को कार्यक्रम के लिए अनुमति मांगी गई थी लेकिन इसे कथित तौर पर अस्वीकार कर दिया गया। स्थानीय कांग्रेस नेता और अलीगढ़ से पूर्व विधायक विवेक बंसल ने बीजेपी पर राजनीतिक लाभ के लिए एएमयू में होली मनाने को लेकर जानबूझकर विवाद खड़ा करने का आरोप लगाया और इसे ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ बताया। 

पूर्व छात्र ने होली को लेकर साझा किया अपना अनुभव

एएमयू के पूर्व छात्र बंसल ने अपना निजी अनुभव साझा करते हुए कहा, ‘हम हमेशा एएमयू में दोस्तों के साथ होली मनाते थे और मुझे इस मामले पर किसी से कोई कटुता या विरोध की बात याद नहीं आती।’ बंसल ने कहा, ‘तो फिर भाजपा भड़काने की राजनीति और शांति भंग करने की कोशिश क्यों कर रही है?’ 

हिंदू संगठनों ने पीएम मोदी को ज्ञापन सौंपा

उन्होंने बीजेपी से तनाव बढ़ाने से बचने का आग्रह किया। इसके पहले, गुरुवार को करणी सेना की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह चौहान ने संगठन के अन्य सदस्यों के साथ जिला कलेक्ट्रेट तक मार्च किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। समूह ने प्रधानमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने एएमयू अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की। 

उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय ने हिंदू छात्रों को कार्यक्रम आयोजित करने के अधिकार से जानबूझकर वंचित किया है। यह मुद्दा बुधवार को तब शुरू हुआ जब छात्र नेता अखिल कौशल ने एएमयू अधिकारियों को एक आवेदन प्रस्तुत किया जिसमें नौ मार्च को गैर-निवासी छात्र केंद्र (NRSC) में एक विशेष होली समारोह आयोजित किए जाने की अनुमति मांगी गई थी। 

AMU अधिकारियों ने इन आरोपों का खंडन किया

एएमयू अधिकारियों ने इन आरोपों का जोरदार खंडन किया है। एएमयू प्रॉक्टर मोहम्मद वसीम ने कहा कि पिछले सालों की तरह इस बार भी होली पूरे परिसर में पारंपरिक तरीके से मनाई जाएगी और किसी खास समूह के लिए कोई खास कार्यक्रम नहीं होगा। (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।