1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बुलंदशहर के खुर्जा से आई दिल दहला देने वाली खबर, प्रेमी ने की प्रेमिका की चाकुओं से गोद कर हत्या

बुलंदशहर के खुर्जा से आई दिल दहला देने वाली खबर, प्रेमी ने की प्रेमिका की चाकुओं से गोद कर हत्या

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Aug 12, 2026 09:12 am IST,  Updated : Aug 12, 2026 09:12 am IST

बुलंदशहर के खुर्जा की शिव कॉलोनी में प्रेम संबंध को लेकर एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।

Bulandshahr- India TV Hindi
खुर्जा में प्रेमी ने प्रेमिका को चाकुओं से गोदा Image Source : REPORTER INPUT

बुलंदशहर के खुर्जा में प्रेम संबंध का एक खौफनाक अंत हुआ। शिव कॉलोनी में एक महिला की उसके कथित प्रेमी ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। हत्या के पीछे की असली वजह जानने के लिए पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

विवाद के बाद चाकू से गोदा

मामला खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र की शिव कॉलोनी का है। नेहरूपुर गांव निवासी महिला बेबी का अजीत नाम के युवक से पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, अजीत कुछ समय से शिव कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था। बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात बेबी उससे मिलने उसके कमरे पर पहुंची थी।

पुलिस के अनुसार, कमरे में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बिगड़ गया कि अजीत ने कथित तौर पर बेबी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की जानकारी मिलते ही खुर्जा नगर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी अजीत को घटनास्थल से ही हिरासत में ले लिया। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वहां से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

आरोपी से पुलिस कर रही पूछताछ

पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए बुलंदशहर जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अब हत्या की वजह और वारदात के पीछे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। खुर्जा सीओ शोभित कुमार ने बताया कि रात करीब साढ़े 10 बजे शिव कॉलोनी में महिला की हत्या की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि नेहरूपुर निवासी अजीत के किराए के कमरे में बेबी अक्सर उससे मिलने आया करती थी। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ और महिला की चाकू से हत्या कर दी गई। सीओ के मुताबिक, आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतका के परिजनों से तहरीर प्राप्त की जा रही है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हत्या की वजह समेत मामले के हर पहलू की जांच में जुटी है।

(रिपोर्ट: वरुण  शर्मा)

यह भी पढ़ें:

असम की युवती की बेरहमी से हत्या, कमरे से मिला लहूलुहान शव, पीजी में सहेली के साथ रहती थी

धर्म परिवर्तन के बाद बंधक बनाई गईं दो बहनें, हाईकोर्ट ने 25 लाख मुआवजे का दिया आदेश

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।