गाजियाबाद: गाजियाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र स्थित कलछीना गांव में शनिवार देर शाम को खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ व्यापक जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान विभाग की कई टीमों ने गांव में अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर संदिग्ध खाद्य पदार्थों की जांच की। अभियान को देखते हुए गांव में काफी देर तक हलचल बनी रही।
भारी पुलिस बल तैनात
सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर भारी पुलिस बल और पीएसी को तैनात किया गया था। मसूरी और मुरादनगर थाना समेत आसपास के कई थानों की पुलिस टीमों ने मोर्चा संभाला और खाद्य विभाग के अधिकारियों को सुरक्षा उपलब्ध कराई।
बताया जा रहा है कि इस अभियान में गाजियाबाद और नोएडा के अधिकारियों के अलावा लखनऊ स्तर की टीमें भी शामिल रहीं। अधिकारियों ने अलग-अलग स्थानों पर जांच करते हुए खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। अब तक कुल पांच नमूने लिए गए हैं, जिनमें चार खोया और एक दूध का नमूना शामिल है।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि संबंधित खाद्य पदार्थों में किसी प्रकार की मिलावट पाई गई है या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया कि यह अभियान डॉ रोशन जैकब सचिव एवं आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA), उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर चलाया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें काफी देर तक गांव में जांच और नमूने लेने की कार्रवाई में जुटी रहीं। अधिकारियों ने फिलहाल पांच नमूने लिए जाने की पुष्टि की है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।
गौरतलब है कि त्यौहारों का सीजन पास आते ही मिठाईयों में मिलावट के मामले बढ़ जाते हैं। चूंकि त्यौहारों पर मिठाई की खरीददारी ज्यादा होती है इसीलिए दूध और खोया में भी भारी मिलावट की जाती है और इनसे जो मिठाई तैयार होती है, वह लोगों को बीमार कर देती है। हर साल इसीलिए ऐसे सीजन में छापेमारी की जाती है और मिलावटखोरों को पकड़कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाती है। अब देखना ये होगा कि इस बार गाजियाबाद में दिवाली से पहले कितना मिलावटी सामान पकड़ा जाता है।
हाल ही में ये जानकारी सामने आई थी कि दूध और उससे जुड़े उत्पादों में मिलावटखोरी भारी पड़ेगी, योगी सरकार सख्त एक्शन लेगी। (रिपोर्ट- जुबैर अख्तर)
ये भी पढ़ें-
कहीं आप जहरीला Honey तो नहीं खा रहे? यूपी में बरामद 15000 किलो शहद लैब रिपोर्ट में निकला मिलावटी