गाजियाबाद: लोनी में यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हुए जानलेवा हमले का खौफनाक CCTV फुटेज सामने आया है। फुटेज में हमलावरों की दरिंदगी साफ दिखाई दे रही है। CCTV फुटेज में दिख रहा है कि सगे भाई दोनों आरोपियों ने पहले सलीम को पकड़ा… फिर गले पर वार किया और उसके बाद पेट में ताबड़तोड़ कई हमले किए। हमलावर वार करते हुए कथित तौर पर ‘गुस्ताखी’ का आरोप लगा रहे थे। फुटेज बेहद भयावह है और हमले की बर्बरता को साफ दर्शाता है। इस हमले के दोनों आरोपी भाई जीशान और गुलफाम को गाजियाबाद पुलिस मुठभेड़ में ढेर कर चुकी है।
एक और सीसीटीवी वीडियो आया था सामने
इससे पहले भी एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया था। CCTV फुटेज में ज़ीशान सैफी और उसका भाई गुलफाम गाजियाबाद के यूट्यूबर सलीम वास्तिक के लोनी में घर के पास दिख रहे हैं। वीडियो में दोनों आदमी बाइक पर भागते दिख रहे हैं, उनके कपड़े खून से सने हुए हैं। पुलिस ने बताया कि हमले के बाद दोनो आरोपी खोड़ा में अपने किराए के कमरे में गए, कपड़े बदले और फिर भाग गए। जांचकर्ताओं का मानना है कि उन्होंने इलाके की जासूसी करने के बाद 15 दिन पहले हमले की योजना बनाई थी।
ज़ीशान सैफी के बैकग्राउंड की थोड़ी जांच से पता चला कि वह अमरोहा का रहने वाला था और उसने तीन साल तक एक मदरसे में पढ़ाई की। 2021 में 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद, वह गुलफाम के साथ रहने के लिए नोएडा चला गया और छोटे-मोटे काम करने लगा।
यहां देखें हमले का वीडियो
मुठभेड़ में गुलफाम भी ढेर
बता दें कि यूट्यूबर सलीम अहमद उर्फ सलीम वास्तिक पर हुए हमले का दूसरा आरोपी गुलफाम भी मंगलवार को गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में पुलिस से हुई मुठभेड़ में मारा गया। उत्तर प्रदेश पुलिस ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि गाजियाबाद पुलिस ने लोनी थानाक्षेत्र में सलीम वास्तिक उर्फ वास्तविक पर जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। उपचार के दौरान चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया पोस्ट में कहा गया है कि अभियुक्त के कब्जे से दो अवैध हथियार व दिल्ली से चोरी किया गया दोपहिया वाहन बरामद किया गया है।
रिपोर्ट-जुबैर अख्तर, गाजियाबाज
संपादक की पसंद