1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गोरखपुर में होलिका दहन कार्यक्रम में शामिल हुए CM योगी, लोगों पर की पुष्प वर्षा

गोरखपुर में होलिका दहन कार्यक्रम में शामिल हुए CM योगी, लोगों पर की पुष्प वर्षा

 Published : Mar 13, 2025 08:14 pm IST,  Updated : Mar 13, 2025 08:14 pm IST

सीएम योगी आदित्यनाथ होलिका दहन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गोरखपुर पहुंचे। उन्होंने यहां होलिका माता की पूजा की। गोरखपुर सांसद रविकिशन भी उनके साथ मौजूद रहे।

cm yogi adityanath- India TV Hindi
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ Image Source : X

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में होलिका दहन कार्यक्रम में भाग लिया और लोगों पर पुष्प वर्षा की। इस दौरान उन्होंने जनसमूह को संबोधित भी किया और होली पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर भाजपा सांसद रवि किशन भी मौजूद थे।

सीएम योगी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल X पर कार्यक्रम की तस्वीरें पोस्ट कर लिखा, ''आज श्री श्री होलिका दहन उत्सव समिति, पाण्डेयहाता, गोरखपुर द्वारा आयोजित भक्त प्रह्लाद जी की भव्य शोभायात्रा में सहभाग का सौभाग्य प्राप्त हुआ। दशकों से चली आ रही पाण्डेयहाता में होलिका दहन की यह परंपरा हमारी विरासत का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस उत्सव के साथ जुड़कर हम सभी को गौरव की अनुभूति होती है। आप सभी को रंगोत्सव की मंगलमय शुभकामनाएं!''

PM मोदी ने देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी आज देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं और कामना की कि हर्ष एवं उल्लास से भरा यह पावन-पर्व भारतवासियों की एकता के रंग को और प्रगाढ़ करे। देशभर में शुक्रवार को होली का त्योहार मनाया जाएगा। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आप सभी को होली की ढेरों शुभकामनाएं। हर्ष और उल्लास से भरा यह पावन-पर्व हर किसी के जीवन में नयी उमंग और ऊर्जा का संचार करने के साथ ही देशवासियों की एकता के रंग को और प्रगाढ़ करे, यही कामना है।’’

राष्ट्रपति मुर्मू ने दी होली की बधाई

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने होली के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रंगों का यह त्योहार एकता और भाईचारे की भावना को बढ़ाता है और विविधता में एकता के मूल्यों को दर्शाता है। मुर्मू ने एक संदेश में भारत और विदेशों में रहने वाले सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं और कहा कि होली खुशियां और उत्साह लेकर आती है। उन्होंने कहा, ‘‘यह त्योहार हमारे जीवन में एकता और भाईचारे की भावना को बढ़ाता है। होली के विविध रंग विविधता में एकता के मूल्यों को दर्शाते हैं। यह त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत का भी प्रतीक है। यह हमें अपने आसपास प्यार और सकारात्मकता का विस्तार करना सिखाता है।’’ राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘रंगों का यह त्योहार आपके जीवन को खुशियों और समृद्धि से भरे।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।