1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सीएम योगी ने मैनपुरी में कहा, "समाजवादी पार्टी के गुंडों ने जीना हराम कर रखा था"

सीएम योगी ने मैनपुरी में कहा, "समाजवादी पार्टी के गुंडों ने जीना हराम कर रखा था"

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Jul 26, 2026 02:22 pm IST,  Updated : Jul 26, 2026 02:22 pm IST

सीएम योगी ने मैनपुरी में समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा और कहा कि एक समय था, जब समाजवादी पार्टी के गुंडों ने जीना हराम कर रखा था।

CM Yogi- India TV Hindi
सीएम योगी Image Source : CM YOGI/YT

मैनपुरी: सीएम योगी ने मैनपुरी में समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। सीएम योगी ने कहा, "एक समय ऐसा भी था जब मैनपुरी के नाम पर लोग घबराते थे। मैनपुरी के नाम पर यहां के नौजवानों को होटल में कमरे नहीं मिलते थे, धर्मशाला में कोई टिकने नहीं देता था। और दूसरे शहरों में वह कितना भी शरीफ हो, कितना भी ईमानदार हो, किराए के मकान देने में भी लोगों को थोड़ा परहेज करना होता था। आज अगर मैनपुरी का नौजवान भी, मैनपुरी का किसान भी, मैनपुरी का व्यापारी भी अगर प्रदेश के बाहर, देश के किसी कोने में जाता है और अगर वह अपना परिचय देता है कि मैं यूपी से हूं, मैनपुरी से हूं, सामने वाले व्यक्ति का चेहरा चमकता है और वह सम्मान देने के लिए उतावला दिखाई देता है।"

सीएम योगी ने कहा, "यह पहचान का संकट किसने खड़ा किया? कौन वो लोग थे जिसने यहां के नौजवान की नौकरी छीनी थी। जिसने अन्नदाता किसान की खुशहाली छीनी थी। जिसने व्यापारियों को असुरक्षित कर दिया था और जिसने बेटी के सामने सुरक्षा का संकट खड़ा किया था। कौन वे लोग थे जिसने हमारे कार्यकर्ताओं को बेरोजगार बना दिया था। कौन वो लोग थे? कहीं और दूर के नहीं थे। आप ही के बीच में आप ही से जुड़े हुए वे लोग थे। जिन्होंने केवल मैनपुरी और इटावा के सामने ही प्रश्न खड़ा नहीं किया। उत्तर प्रदेश के सामने पहचान का संकट भी खड़ा किया और उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य के रूप में धकेल करके अस्तित्व विहीन कर दिया था। सबसे बड़ी आबादी का राज्य  बीमार हो जाए। प्रकृति और परमात्मा की असीम कृपा का राज्य बीमार हो जाए।"

सीएम योगी ने नौकरी को लेकर कसा तंज

सीएम योगी ने कहा, "ये हम देखते थे। नौजवान के लिए नौकरी निकलती थी। वो नौकरी नौजवान को नहीं मिलती थी। चेहरा देखा जाता था। पैसा देखा जाता था। जो गरीब नौजवान पैसा नहीं दे सकता था उसकी नौकरी नहीं निकलती थी और आज बहनों और भाइयो आप देखते होंगे, डबल इंजन की भाजपा की सरकार में नौकरी निकलती है। मैनपुरी इटावा का नौजवान भी नियुक्ति पत्र प्राप्त करता है। बड़ी शान के साथ अपनी सेवाएं देता है और नए भारत के नए उत्तर प्रदेश के निर्माण में अपना योगदान देता है। याद करिए हमने इस यूपी को पिछले नौ वर्ष में बीमारू राज्य की श्रेणी से उभारने में सफलता प्राप्त की। आज हमारा यूपी बीमारू नहीं।"

सीएम योगी ने कहा, "याद करिए मोदी जी ने कहा था देश के अंदर केवल चार जातियां हैं। एक गरीब  है, एक किसान है, एक महिला है और एक नौजवान है। इन चारों को कार्य इन चारों के हितों के लिए कार्य कर लो, समझ लो देश विकसित हो जाएगा भारत को विकसित होने के लिए कोई रोक नहीं सकता। गरीब हर जाति में गरीब है।"

सीएम योगी ने कहा, "याद करिए बहुत सारे संभ्रांत परिवारों की स्थिति यह थी कि वे बेटी की पढ़ाई करने के लिए दूर यूपी के बाहर हॉस्टल में या रिश्तेदारी के यहां भेज देते थे। जब उस बेटी को मां-बाप का संरक्षण मिलना चाहिए तब उसको हॉस्टल में भेजा जा रहा है। अरे, शादी के बाद तो बेटी जाती है ससुराल। कम से कम अपने मां-बाप के संरक्षण में पढ़ाई भी कर ले।"

व्यापारी यूपी के अंदर निवेश नहीं करना चाहता था: सीएम

सीएम योगी ने कहा, "लेकिन ये समाजवादी पार्टी के गुंडों ने जीना हराम कर रखा था। व्यापारी यूपी के अंदर निवेश नहीं करना चाहता था। क्योंकि इसे भय था। पूंजी लगाऊंगा तो पूंजी तो डूबेगी ही डूबेगी उसकी सुरक्षा भी खतरे में जाएगी। कैसे समाजवादी पार्टी के समय में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष स्वर्गीय मदन चौहान के पेट्रोल पंप के अंदर घुस करके गोली मारी गई थी। इसी मैनपुरी में मारी गई थी। यही समाजवादी पार्टी की सरकार थी। कैसे व्यापारी घर से निकलता था प्रार्थना करके निकलता था कि हे भगवान शाम को मैं अपने परिवार का मुंह देख सकूं। ऐसी स्थिति पैदा करना और इसीलिए जब हम लोग आए थे तो हमने कहा था, अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टोलरेंस।"

सीएम योगी ने कहा, "इटावा हो या मैनपुरी यहां के संगठित अपराध की कमर तोड़ देंगे। प्रदेश को माफिया मुक्त कर देंगे और अगर किसी माफिया ने किसी अपराधी ने सिर उठाकर के बेटी और व्यापारी की सुरक्षा के लिए एक खतरा पैदा किया, तो उसको कहा गया कि उसके लिए दो ही जगह होगी या तो जेल होगी या जहन्नुम होगी तीसरी कोई जगह नहीं मिलने वाली है। माफिया के लिए कह दिया गया कि माफिया की जगह केवल मिट्टी होगी इसके अलावा कहीं उसको जगह नसीब नहीं होगी। आज मुझे अच्छा लगता है आज हमारा प्रदेश उपद्रवग्रस्त प्रदेश नहीं है बल्कि उत्सव प्रदेश बन गया है।"

इससे पहले भी सीएम योगी ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा था और कहा था कि अपना इतिहास देखिए।

ये भी पढ़ें- 

'चुनाव का असली कुरुक्षेत्र होता है बूथ, इसे जीता तो चुनाव जीता', गोरखपुर में बोले सीएम योगी आदित्यनाथ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।