1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'चुनाव का असली कुरुक्षेत्र होता है बूथ, इसे जीता तो चुनाव जीता', गोरखपुर में बोले सीएम योगी आदित्यनाथ

'चुनाव का असली कुरुक्षेत्र होता है बूथ, इसे जीता तो चुनाव जीता', गोरखपुर में बोले सीएम योगी आदित्यनाथ

 Written By: Subhash Kumar @ImSubhashojha
 Published : Jul 22, 2026 01:31 pm IST,  Updated : Jul 22, 2026 01:35 pm IST

गोरखपुर में एक सभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बूथ चुनाव का असली कुरुक्षेत्र होता है। इसे जो जीतेगा वही चुनाव जीतेगा। आइए जानते हैं कि उन्होंने और क्या कुछ कहा है।

cm yogi gorakhpur rally- India TV Hindi
सीएम योगी ने गोरखपुर में की सभा। (फाइल फोटो) Image Source : PTI

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को राज्य के गोरखपुर जिले में एक सभा को संबोधित किया है। यहां उन्होंने उत्तर प्रदेश और गोरखपुर में डबल इंजन की सरकार के विकास कार्यों का जिक्र किया और समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। सीएम योगी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने दुनिया के अंदर सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में मूल्य और आदर्शों पर विश्वास करते हुए सुशासन, लोक कल्याण के नए प्रतिमान स्थापित करते हुए दुनिया के लोकतांत्रिक इतिहास में अपनी एक मजबूत उपस्थिति प्रस्तुत की है।

बूथ जीता तो चुनाव जीता- CM योगी

सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि "चुनाव का असली कुरुक्षेत्र होता है बूथ। चुनाव लड़ा जाता है बूथ पर। और इसलिए मेरा बूथ सबसे मजबूत। बूथ जीता तो चुनाव जीता। और बूथ वही जीतेगा जिसके पास सामर्थ्य होगा, जिसने शक्ति अर्जित की होगी, जिसने अपनी योजना बनाई होगी, जिसने व्यापक जनसंपर्क के माध्यम से अपने कार्यों को जनता तक पहुंचाने का कार्य किया होगा।"

'हम माफिया को मिट्टी में मिलाने में विश्वास करते हैं'

सीएम योगी ने कहा- "याद रखना सृष्टि के प्रारंभ से ही देव और दानव एक साथ रहे हैं, एक साथ धरती पर आए हैं। सत्य है-असत्य भी है। अच्छा है तो बुरा भी है। एक पक्ष वह अगर हां है तो ना भी है। और याद रखना एक पक्ष वह है जो ना में विश्वास करता है। एक पक्ष सत्य में विश्वास करता है-एक पक्ष असत्य में विश्वास करता है, बांटने में विश्वास करता है, अराजकता में विश्वास करता है, उपद्रव में विश्वास करता है, गुंडागर्दी में विश्वास करता है, माफिया राज में विश्वास करता है, लूटने में विश्वास करता है, विनाश में विश्वास करता है। लेकिन उसका दूसरा पक्ष भी है। यह स्याह पक्ष है। लेकिन उसका स्वर्णिम पक्ष भी है। स्वर्णिम पक्ष है। हम हां में विश्वास करते हैं, हम धर्म में विश्वास करते हैं, हम सत्य में विश्वास करते हैं, हम उत्सव में विश्वास करते हैं, हम माफिया को मिट्टी में मिलाने में विश्वास करते हैं और हम लोग लोक कल्याण में विश्वास करते हैं, जोड़ने में विश्वास करते हैं और यही विश्वास सकारात्मक तत्वों को एक मंच देता है। हमने जो कहा वह करके दिखाया।" आपको बता दें कि इससे पहले सीएम योगी सोमवार को बाराबंकी पहुंचे थे। यहां सीएम योगी ने सपा-कांग्रेस पर तीखा हमला बोला था।

भाजपा विश्वास का प्रतीक है

सीएम योगी ने गोरखपुर में कहा- "जो लोग आज से नौ वर्ष पहले उत्तर प्रदेश को शक और संदेह की निगाह से देखते थे। आज वे उत्तर प्रदेश और गोरखपुर को सम्मान और विश्वास की निगाह से देखते हैं। इसका कारण है भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार के द्वारा किए गए कार्य। याद रखना विपक्ष इस नैरेटिव में विश्वास करता है कि एक झूठ को सब दो बार दोहराएंगे तो झूठ सत्य हो जाएगा। और हम लोग इस बात पर विश्वास करते हैं कि झूठ-झूठ होता है। सत्य को कुछ देर तक भले ही आप धूल से ढकने का प्रयास करेंगे, धुंध से ढकने का प्रयास करेंगे, अंततः वह अपनी स्वर्णिम आभा के साथ आम जन के विश्वास का प्रतीक बनेगा और भारतीय जनता पार्टी इस विश्वास का प्रतीक है। लेकिन उस विश्वास का प्रतीक अपने बूथ पर आपको बनना है। आपको तय करना है। विपक्ष के द्वारा जो नैरेटिव्स फैलाया जा रहा है और जो नैरेटिव्स सेट करने का कुत्सित प्रयास हो रहा है। हमें उस साजिश और उस शरारत को समझना होगा।"

ये भी पढ़ें- UP में इंसान और जानवरों के टकराव में 4000 से ज्यादा मौतें, सीएम योगी ने लोगों को चेताया, जागरूकता बढ़ाने की अपील

वक्फ घोटाले पर पूर्व मंत्री मोहसिन रज़ा की बड़ी मांग, सीएम योगी से जनपदवार SIT जांच और विशेष ऑडिट की अपील

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।