1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. जन्माष्टमी पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि के दर्शन करेंगे CM योगी, गोरखनाथ मंदिर की पूजा में भी शामिल होंगे

जन्माष्टमी पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि के दर्शन करेंगे CM योगी, गोरखनाथ मंदिर की पूजा में भी शामिल होंगे

 Written By: Shakti Singh
 Published : Sep 03, 2026 10:25 pm IST,  Updated : Sep 03, 2026 10:25 pm IST

सीएम योगी सुबह मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि में दर्शन-पूजन करेंगे। वहीं, शाम के समय वह गोरखपुर में होंगे। यहां वह गोरखनाथ मंदिर के गर्भगृह में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाएंगे।

Yogi Adityanath- India TV Hindi
यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ Image Source : PTI

उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मथुरा में जन्माष्टमी का त्योहार मनाएंगे। वह शुक्रवार की सुबह  श्रीकृष्ण जन्मभूमि में दर्शन-पूजन करेंगे। हालांकि, शाम को मुख्यमंत्री लखनऊ पुलिस लाइन और देर रात्रि गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में होने वाले जन्माष्टमी आयोजनों में भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री शुक्रवार सुबह श्रीकृष्ण जन्मभूमि जाएंगे। वह परिसर में गोपूजन करेंगे। इसके बाद दर्शन-पूजन कर लीलाधारी भगवान के चरणों में श्रद्धा निवेदित करेंगे।

मुख्यमंत्री लखनऊ पुलिस लाइन में शाम को होने वाले श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने बताया कि मुख्यमंत्री यहां मंदिर में झांकी दर्शन करेंगे। यहां भक्ति से ओतप्रोत अनेक कार्यक्रम भी होंगे। मुख्यमंत्री आध्यात्मिक सांस्कृतिक कार्यक्रम के जरिये भक्ति सरिता का आनंद उठाएंगे। 

देर रात गोरखपुर पहुंचेंगे सीएम योगी

गोरखनाथ मंदिर गोरखपुर में होने वाले श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समारोह में भी गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सम्मिलित होंगे। गोरखनाथ मंदिर में भजनों के बीच भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य के बाद गोरक्षपीठाधीश्वर उनके बालरूप को पालने में झुलाएंगे। गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ ने बताया कि महंत दिग्विजय नाथ स्मृति भवन में भजनों की प्रस्तुति रात 11:30 बजे तक अनवरत होगी।

बच्चों को चॉकलेट देंगे सीएम योगी

भजन संध्या के दौरान ही गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समारोह में सम्मिलित होंगे। यहां भजन सुनने के साथ ही वह बच्चों को खिलौने और चॉकलेट भी भेंट करेंगे। इस अवसर पर श्रीकृष्ण बालरूप सज्जा प्रतियोगिता भी होगी। 

गर्भगृह में मनाएंगे जन्माष्टमी

रात 11.30 बजे गोरक्षपीठाधीश्वर गोरखनाथ मंदिर के गर्भगृह में पूजा-अर्चना करने पहुंचेंगे। रात 12 बजते ही वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वह मंदिर के गर्भगृह में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाएंगे। इसके बाद वह श्रीकृष्ण के बालरूप को पालने में झुलाएंगे।

मथुरा को 1,051 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात

योगी अपने दो दिवसीय दौरे पर कृष्ण नगरी में हैं। यहां उन्होंने जन्माष्टमी से एक दिन पहले मथुरा जिले में 1,051 करोड़ रुपये की लागत वाली कुल 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 7,240 लाभार्थियों समेत विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चाबी, चेक, स्वीकृति पत्र, नियुक्ति पत्र और टूलकिट दिए। अधिकारियों ने बताया कि इन परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास से मथुरा-वृंदावन समेत जिले के अन्य धार्मिक स्थलों पर धार्मिक पर्यटन, यात्री सुविधाओं, सड़क एवं प्रकाश व्यवस्था, सौंदर्यीकरण तथा स्थानीय हस्तशिल्प से जुड़ी गतिविधियों को गति मिलेगी।

यह भी पढ़ें-

फर्रुखाबाद में CM योगी आदित्यनाथ का सपा पर तीखा हमला, बोले- पहले सैफई सिंडिकेट हड़पता था नौकरियां

'P से पहली, D से दूसरी और A से अगली हार', ओपी राजभर ने बताया PDA का नया मतलब

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।