1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लखनऊ में चौराहों पर लगाए गए विवादित पोस्टर, 'बंटोगे तो कटोगे' के नारे के साथ मुर्शिदाबाद कूच का ऐलान

लखनऊ में चौराहों पर लगाए गए विवादित पोस्टर, 'बंटोगे तो कटोगे' के नारे के साथ मुर्शिदाबाद कूच का ऐलान

 Reported By: Ruchi Kumar Edited By: Niraj Kumar
 Published : Feb 08, 2026 11:03 am IST,  Updated : Feb 08, 2026 12:09 pm IST

लखनऊ की सड़कों और चौक-चौराहों पर मुर्शिदाबाद में बन रही बाबरी मस्जिद के विरोध में पोस्टर्स लगाए गए हैं। इन पोस्टर्स में 10 फरवरी को मुर्शिदाबाद कूच करने की अपील की गई है।

lucknow posters- India TV Hindi
लखनऊ में लगे विवादित पोस्टर Image Source : REPORTER INPUT

लखनऊ:  मुर्शिदाबाद में बन रही बाबरी मस्जिद के निर्माण के विरोध में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विभिन्न चौराहों पर पोस्टर्स लगाए गए हैं। इन पोस्टर्स में मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद की तर्ज पर बन रही नई मस्जिद के निर्माण का विरोध करते हुए मुर्शिदाबाद कूच का ऐलान किया गया है।

हुमायूं कबीर को दी चुनौती

विश्व हिंदू रक्षा परिषद की ओर से लगाए गए इन पोस्टर्स में पश्चिम बंगाल के नेता हुमायूं कबीर को चुनौती देते हुए लिखा गया है- हुमायूँ हम आएंगे,बाबरी फिर से गिराएंगे। इसके साथ ही 'बंटोगे तो कटोगे' के नारे के साथ 10 फरवरी को मुर्शिदाबाद कूच का ऐलान किया गया है। 

हुमायूं कबीर को मुगल आक्रांता के रूप में दिखाया 

इस पोस्टर में पश्चिम बंगाल के नेता हुमायूं कबीर को मुगल आक्रांता के रूप में दिखाया गया है। वहीं ममता बनर्जी की तस्वीर भी इस पोस्टर में है। लखनऊ के 1090 चौराहा,अंबेडकर चौराहा,हज़रत गंज चौराहे के साथ-साथ शहर के अलग-अलग हिस्सों में ये पोस्टर लगाए गए हैं। विश्व हिंदू रक्षा परिषद् के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय की ओर से मुर्शिदाबाद कूच करने की अपील की गई है।

'बाबरी' पर आर-पार की अपील

पोस्टर में सबसे ऊपर विश्व हिंदू रक्षा परिषद लिखा हुआ है। उसके बाद हुमायूं हम आएंगे, बाबरी फिर से गिराएंगे। तीसरी लाइन में बड़े अक्षरों में लिखा है-बंटोगे तो कटोगे। इसके बाद की पंक्ति में लिखा है-हिंदुओं की विरोधी सरकार में इस बार होगा मुर्शिदाबाद में नई बाबरी पर आर-पार। सबसे नीचे लोगों से अपील की गई है-चलो मुर्शिदाबाद 10 फरवरी।

11 फरवरी को शुरू होगा मस्जिद का निर्माण

दरअसल, पश्चिम बंगाल के पूर्व टीएमसी नेता हुमायूं कबीर ने मुर्शिदाबाद में बाबरी की तर्ज पर मस्जिद बनाने का ऐलान किया था। इस मस्जिद की आधारशिला 6 दिसंबर 2025 को रखी गई थी। निर्माण कार्य 11 फरवरी से शुरू होनेवाला है। हुमायूं कबीर के मुताबिक एक बड़े कॉम्प्लेक्स में मस्जिद के अलावा इस्लामिक अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और शिक्षण संस्थान भी शामिल होंगे। 11 फरवरी को होनेवाले आयोजन को लेकर मुर्शिदाबाद में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। वहीं इस बीच विश्व हिंदू रक्षा परिषद के मुर्शिदाबाद कूच के ऐलान से प्रशासन की मुसीबतें बढ़ सकती हैं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।