1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. देश की सबसे युवा महिला सांसद के साथ क्रिकेटर रिंकू सिंह ने की सगाई? MP के पिता ने INDIA TV को बताई सच्चाई

देश की सबसे युवा महिला सांसद के साथ क्रिकेटर रिंकू सिंह ने की सगाई? MP के पिता ने INDIA TV को बताई सच्चाई

 Reported By: Mangal Yadav Edited By: Shakti Singh
 Published : Jan 17, 2025 04:46 pm IST,  Updated : Jan 17, 2025 05:49 pm IST

लोकसभा चुनाव 2024 में मछली शहर लोकसभा सीट से सांसद बनने वाली प्रिया सरोज देश की सबसे युवा महिला सांसद भी हैं। वह महज 25 साल की उम्र में सांसद बन गई थीं। वहीं, रिंकू सिंह भारतीय टी-20 टीम में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं और आईपीएल में बतौर फिनिशर अपना नाम बना चुके हैं।

Priya Saroj and Rinku Singh- India TV Hindi
प्रिया सरोज और रिंकू सिंह Image Source : INSTAGRA

देश की सबसे युवा महिला सांसद प्रिया सरोज और भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह ने सगाई नहीं की है। प्रिया सरोज के पिता तूफानी सरोज ने इंडिया टीवी डिजिटल से बातचीत में बताया कि रिंकू और प्रिया दोनों घर में नहीं हैं। ऐसे में सगाई का सवाल ही नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह बताया कि दोनों की शादी को लेकर बातचीत चल रही है। प्रिया के परिवार के लोग रिंकू के घर गए थे, लेकिन दोनों की सगाई नहीं हुई है। प्रिया सरोज सांसदों के दल के साथ तिरुवनंतपुरम में हैं। वहीं, रिंकू सिंह इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज की तैयारियों में लगे हैं।

तूफानी सरोज ने कहा कि लड़की की शादी का मामला है। इसलिए सोच समझकर फैसला करना होगा। हालांकि, उन्होंने इस बात पर जरूर मुहर लगाई कि रिंकू और सरोज की शादी को लेकर बात चल रही है।

तूफानी सरोज की बेटी हैं प्रिया

प्रिया सरोज मछली शहर सीट से सांसद हैं। वह समाजवादी पार्टी के नेता और तीन बार सांसद रह चुके तूफानी सरोज की बेटी हैं। तूफानी सरोज 1999 में सैदपुर, 2004 में गाजीपुर और 2009 में मछली शहर से सांसद बने थे। हालांकि, 2016 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। प्रिया सरोज दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट में वकील रह चुकी हैं। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी। 25 साल की उम्र में उन्होंने समाजवादी पार्टी के टिकट पर पहला चुनाव लड़ा और भारतीय जनता पार्टी के बीपी सरोज को हराकर संसद पहुंचीं।

रिंकू सिंह का सफर

प्रिया के उलट रिंकू सिंह का सफर मुश्किलों से भरा रहा। वह बेहद गरीब परिवार में पैदा हुए थे और बड़ी मुश्किल से उनका क्रिकेटर बनने का सपना साकार हुआ। रिंकू के पिता घरों में गैस सिलेंडर की डिलिवरी किया करते थे। रिंकू को भी पोछा लगाने का काम ऑफर किया गया था। हालांकि, अपनी प्रतिभा के दम पर रिंकू ने आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स में जगह बनाई और एक ओवर में पांच छक्के लगाकर सुर्खियों में आ गए। इसके बाद से वह भारतीय टीम के लिए भी कई अहम पारियां खेल चुके हैं और एक फिनिशर के रूप में उन्होंने टीम में अपनी जगह भी पक्की कर ली है। 22 जनवरी से शुरू हो रही भारत- इंग्लैंड टी20 सीरीज के लिए भी रिंकू को भारतीय टीम में जगह दी गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।