1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी: अनोखी शादी! 30 से ज्यादा ई-रिक्शों में निकली दूल्हे की बारात, दोस्तों ने पैसे की कमी को नहीं बनने दिया बाधा

यूपी: अनोखी शादी! 30 से ज्यादा ई-रिक्शों में निकली दूल्हे की बारात, दोस्तों ने पैसे की कमी को नहीं बनने दिया बाधा

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Dec 02, 2025 02:44 pm IST,  Updated : Dec 02, 2025 02:44 pm IST

यूपी के देवरिया में एक गरीब परिवार की शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। इस शादी में दोस्तों के सहयोग से बारातियों को 30 से ज्यादा ई रिक्शों में बिठाकर ले जाया गया।

Deoria- India TV Hindi
देवरिया में गरीब परिवार की शादी चर्चा में Image Source : REPORTER INPUT

देवरिया: यूपी के देवरिया में एक अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। दरअसल यहां एक गरीब परिवार के युवक की शादी थी, जिसमें आर्थिक अभाव में गाड़ियों की व्यवस्था करना संभव नहीं था। ऐसे में दोस्तो की मदद से 30 ई-रिक्शों का इंतजाम किया गया और बारात ई-रिक्शे में खुशी-खुशी बैठकर गई। 

दूल्हा भी दोस्तों की इस मदद को देखकर खुशी से झूम उठा। अब लोग कह रहे हैं कि अगर जिंदगी में अच्छे दोस्त हों तो हर समस्या का समाधान नहीं निकाला जा सकता है। 

क्या है पूरा मामला?

मामला देवरिया के खुखुंदू का है। यहां एक गरीब परिवार के लिए लोगों में अपार सहयोग की भावना दिखाई दी। शादी की जोड़े में सजा दूल्हा गरीबी को मात देते हुए अपनी बारात ई-रिक्शों से लेकर गया। ये सब दोस्तों की मदद से संभव हुआ।

जैसे ही ई-रिक्शों पर ये अनूठी बारात निकली तो उसे देखने के लिए लोगों का जमावड़ा लग गया। एक साथ 30 से ज्यादा ई-रिक्शों पर बारात को आता देख ये मामला चर्चा में है। 

दरअसल ग्रामसभा खुखुंदू के भटहर मोहल्ले निवासी स्वर्गीय राम अवतार प्रसाद के पुत्र दुर्गेश प्रसाद की शादी थी। ऐसे में ये बारात दोस्तों के सहयोग से रविवार की रात ई रिक्शों से निकाली गई।

क्या काम करता है दूल्हा?

भटहर टोले निवासी स्वर्गीय राम अवतार व उनकी पत्नी रामवती के पुत्र दुर्गेश कुमार मजदूर हैं और दिहाड़ी मजदूरी का काम करके जीवन यापन करते हैं। दुर्गेश की रविवार को डुमरिया लाला गांव के स्वर्गीय बुल्लू प्रसाद व अनीता देवी की पुत्री कुमारी शिल्पी से शादी थी। 

उनकी आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि बारात को गाड़ी में ले जा सकें। ऐसे में दोस्त आगए आए और ई-रिक्शों से बारात लेकर गए। दोस्तों के सहयोग से गांव के लगभग 100 बाराती इस शादी में शामिल हुए। रात में ई रिक्शा पर बैठने वाले सभी बाराती भी खुश दिखाई दिए।

समाज में बढ़ रही महंगाई को दरकिनार करते हुए ये बारात अपने आप में आकर्षण का केंद्र रही। (इनपुट: विनोद कुमार द्विवेदी)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।