1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पारिवारिक विवाद से आहत महिला दोनाली बंदूक लेकर पहुंची पुलिस चौकी, पुलिसकर्मियों के उड़े होश

पारिवारिक विवाद से आहत महिला दोनाली बंदूक लेकर पहुंची पुलिस चौकी, पुलिसकर्मियों के उड़े होश

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Sep 08, 2026 07:54 pm IST,  Updated : Sep 08, 2026 07:54 pm IST

महराजगंज के परतावल पुलिस चौकी में एक युवती लाइसेंसी दोनाली बंदूक लेकर पहुंच गई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद युवती को शांत कराया।

UP- India TV Hindi
महिला दोनाली बंदूक लेकर पहुंची पुलिस चौकी Image Source : REPORTER INPUT

महराजगंज से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र की परतावल पुलिस चौकी में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती हाथ में लाइसेंसी दोनाली बंदूक लेकर पहुंच गई। युवती काफी परेशान थी और रोते हुए अपने परिजनों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस से मदद मांग रही थी। हाथ में असलहा देखकर चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत सतर्क हो गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवती को घेरकर दबाव बनाने के बजाय बेहद संयम से उससे बातचीत शुरू की। पुलिसकर्मियों ने पहले उसकी बात सुनी और फिर धीरे-धीरे बंदूक अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया। काफी समझाने-बुझाने के बाद पुलिस युवती से लाइसेंसी बंदूक लेने में सफल रही। एहतियात के तौर पर डायल 112 की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। इसके बाद भी काफी देर तक पुलिस चौकी में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद युवती को शांत कराया।

जमीन की रजिस्ट्री को लेकर था विवाद

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में मामला पारिवारिक और जमीन से जुड़े विवाद का सामने आया है। बताया जा रहा है कि जमीन की रजिस्ट्री को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर घर में कहासुनी हुई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसके बाद नाराज युवती लाइसेंसी बंदूक लेकर सीधे पुलिस चौकी पहुंच गई। बताया गया कि बंदूक पहले युवती के परदादा के नाम पर थी। बाद में विरासत के जरिए यह उसके दादा के नाम दर्ज हुई। युवती के पिता दो भाइयों में से एक हैं और परिवार में दो बेटियां हैं।

पुलिस ने दिया कार्रवाई का भरोसा

पुलिस ने युवती की शिकायत और उसकी सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को गंभीरता से सुना। अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया है। पुलिस अब पारिवारिक विवाद की मूल वजह, जमीन से जुड़े दस्तावेज और लाइसेंसी बंदूक के स्वामित्व समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया है। मामले में जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि पारिवारिक विवाद में किसकी भूमिका क्या रही और आगे किस तरह की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

(रिपोर्ट: विनय कुमार नाइक)

यह भी पढ़ें:

सड़क पर पेशाब करने से रोका तो कर दी हत्या, बदमाशों ने ईंट से सिर पर किया हमला, इलाज के दौरान मौत

मेरठ में 7वीं के छात्र की हार्ट अटैक से मौत, स्कूल के वॉशरूम में मृत मिला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।