1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी में दर्दनाक हादसा, घायलों की मदद करने गए लोगों को कार ने रौंदा, 8 की मौत

यूपी में दर्दनाक हादसा, घायलों की मदद करने गए लोगों को कार ने रौंदा, 8 की मौत

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : May 04, 2026 08:28 am IST,  Updated : May 04, 2026 08:55 am IST

यूपी के अंबेडकरनगर में एक दर्दनाक हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि सड़क हादसे में घायल दो लोगों की मदद के लिए स्थानीय लोग पहुंचे थे। तभी रोड पर आ रही कार ने कई लोगों को टक्कर मार दी।

कार की टक्कर से 8 लोगों की मौत। - India TV Hindi
कार की टक्कर से 8 लोगों की मौत। Image Source : REPORTER INPUT

अंबेडकरनगर: यूपी के अंबेडकरनगर जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां जिले में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। यहां जलालपुर क्षेत्र के अशरफपुर भुवा भट्ठे के पास तेज रफ्तार और बेकाबू कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में कुल 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। 

घायलों की मदद करने गए थे लोग

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार रात 12 बजे से पहले दो बाइकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई थी। इस दुर्घटना में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे को देख आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद करते हुए उन्हें अस्पताल पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर वहां पहुंची और सड़क पर मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। 

कार सवार ने कई लोगों को रौंदा

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जलालपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां से उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया। इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 8 हो गई।

कार चालक की तलाश में जुटी पुलिस

मृतकों की पहचान कैफी (32), उत्तम कुमार (24), आदित्य कुमार (25), लालचंद (24), राजू गुप्ता (32) और छोटू के रूप में हुई है, जबकि दो अन्य की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और आरोपी वाहन चालक की तलाश जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। (इनपुट- अखंड सिंह)

यह भी पढ़ें-

अहम केस में गवाह थे अब्दुला, दोस्त को ₹25 लाख पहुंचाए थे, बिरयानी के बाद तरबूज खाने से हुई मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।