1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी उपचुनाव में हार के बाद अखिलेश ने लिखा- 'इलेक्शन को करप्शन का पर्याय बनाया, अब असली संघर्ष शुरू हुआ'

यूपी उपचुनाव में हार के बाद अखिलेश ने लिखा- 'इलेक्शन को करप्शन का पर्याय बनाया, अब असली संघर्ष शुरू हुआ'

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Nov 23, 2024 04:10 pm IST,  Updated : Nov 23, 2024 04:10 pm IST

अखिलेश यादव ने उपचुनाव के नतीजों से पहले सभी नौ सीट में जीत का दावा किया था, लेकिन उनकी पार्टी महज दो सीटों पर सिमटती दिख रही है। ऐसे में उन्होंने भ्रष्टाचार और संघर्ष की बात कही है।

Akhilesh yadav- India TV Hindi
अखिलेश यादव Image Source : PTI

उत्तर प्रदेश उपचुनाव में हार के बाद अखिलेश यादव ने चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा है कि अब असली संघर्ष शुरू होता है। इसके साथ ही उन्होंने ‘जुड़ेंगे तो जीतेंगे!’ का नारा दिया। अखिलेश यादव ने चुनाव के नतीजे आने से पहले कहा था कि अगर निष्पक्ष मतगणना होती है तो अधिकतर सीटें समाजवादी पार्टी जीतेगी और संभव है कि सभी नौ सीटें सपा के खाते में जाएं। हालांकि, नतीजे सामने आने के बाद तस्वीर कुछ और ही रही।

समाजवादी पार्टी सिर्फ दो सीटें जीतती दिख रही है। वहीं, अन्य सात सीटें बीजेपी और सहयोगी दलों के खाते में जाती दिख रही हैं। इसके बाद अखिलेश यादव ने चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं।

अखिलेश ने क्या लिखा?

अखिलेश यादव ने लिखा "‘इलेक्शन’ को ‘करप्शन’ का पर्याय बनानेवालों के हथकंडे तस्वीरों में कैद होकर दुनिया के सामने उजागर हो चुके हैं। दुनिया से लेकर देश और उत्तर प्रदेश ने इस उपचुनाव में चुनावी राजनीति का सबसे विकृत रूप देखा। असत्य का समय हो सकता है लेकिन युग नहीं। अब तो असली संघर्ष शुरू हुआ है… बांधो मुट्ठी, तानो मुट्ठी और पीडीए का करो उद्घोष ‘जुड़ेंगे तो जीतेंगे!’"

योगी आदित्यनाथ ने क्या कहा?

योगी आदित्यनाथ ने इस जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व और मार्गदर्शन में जनता की अटूट आस्था का प्रमाण बताया। उन्होंने बंटेंगे तो कटेंगे के साथ ही पीएम मोदी के नारे एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे का उल्लेख भी किया। योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट किया, "उत्तर प्रदेश विधानसभा उपचुनावों में भाजपा-NDA की जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व और मार्गदर्शन में जनता की अटूट आस्था का प्रमाण है। यह जीत डबल इंजन सरकार की सुरक्षा, सुशासन और जनकल्याणकारी नीतियों तथा समर्पित कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का सुफल है। उत्तर प्रदेश के सुशासन और विकास के लिए मतदान करने वाले उत्तर प्रदेश के सम्मानित मतदाताओं का मैं आभार व्यक्त करता हूं और सभी विजयी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई! बटेंगे तो कटेंगे। एक रहेंगे-सेफ रहेंगे।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।