1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी में एक और एनकाउंटर, बांदा में ईरानी गैंग के दो बदमाशों को लगी गोली, पुलिस का भेष बनाकर करते थे लूटपाट

यूपी में एक और एनकाउंटर, बांदा में ईरानी गैंग के दो बदमाशों को लगी गोली, पुलिस का भेष बनाकर करते थे लूटपाट

 Edited By: Niraj Kumar
 Published : Aug 24, 2025 09:46 am IST,  Updated : Aug 24, 2025 10:15 am IST

उत्तर प्रदेश की पुलिस ने एक और एनकाउंटर किया है। यह एनकाउंटर बांदा जिले में हुआ, जब पुलिस ने ईरानी गैंग के सदस्यों को घेर लिया। खुद को पुलिस से घिरा पाकर गिरोह के सदस्यों ने फायरिंग शुरू कर दी।

Banda encounter- India TV Hindi
एनकाउंटर के बाद बरामद हथियार, लूटपाट के सामान और फर्जी पुलिस आईकार्ड Image Source : REPORTER INPUT

बांदा:  बांदा पुलिस ने अंतर राज्यीय ईरानी गैंग के दो सदस्यों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है।  गैंग के सदस्य पुलिस का भेष रखकर लोगों के साथ लूटपाट और टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देते थे। एनकाउंटर में दो बदमाश घायल हो गए हैं। दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

ऑपरेशन त्रिनेत्र में मिली सफलता

ये बदमाश महाराष्ट्र पुलिस का भेष रखकर बांदा जिले में लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। हाल ही में इन बदमाशों ने एक महिला को गुमराह कर लूट और टप्पेबाजी की वारदात को अंजाम दिया था। बांदा पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र चलाकर दोनों शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया।

फर्जी पुलिस का आईडी कार्ड बरामद

दोनों बदमाशों के कब्जे से लूट टप्पेबाजी का समान, दो तमंचे, कारतूस सहित पुलिस का फर्जी आईडी कार्ड और बाइक बरामद किया गया है। आरोपी सलमान अली व साहिल फिरोज दोनों मध्य प्रदेश के रहनेवाले हैं। इन पर पहले से ही लूटपाट और टप्पेबाज़ी के चार मामले दर्ज हैं।

खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने घेरा

 बता दें कि कुछ दिन पूर्व एक महिला के साथ पुलिस बनकर टप्पे बाजी की घटना हुई थी। इसके अलावा कई जगह ऐसी शिकायतें आ रही थी कि कुछ लोग गैंग बनाकर टप्पेबाजी कर रहे हैं। मुखबिर की सूचना पर बांदा जनपद के मटोध थाना अंतर्गत पुलिस ने जब उक्त लोगों की घेराबंदी की तो जवाब में बदमाशों ने भी फायर कर दिया। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाशों को गोली लगी है। दोनों ही बदमाश सलमान और फिरोज को पुलिस की गिरफ्तार में हैं। यह लोग उत्तरप्रदेश के अलावा मध्यप्रदेश, राजस्थान में भी घटनाओं को अन्जाम देते थे। 

रिपोर्ट-पंकज द्विवेदी, बांदा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।