1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. इटावा मामले पर मंत्री जयवीर सिंह का बड़ा बयान, कहा- 'अखिलेश यादव ने बिना सच्चाई जाने दिया जातीय रंग'

इटावा मामले पर मंत्री जयवीर सिंह का बड़ा बयान, कहा- 'अखिलेश यादव ने बिना सच्चाई जाने दिया जातीय रंग'

 Reported By: Ruchi Kumar Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Jun 26, 2025 09:16 pm IST,  Updated : Jun 26, 2025 09:16 pm IST

इटावा घटना पर मंत्री जयवीर सिंह ने अखिलेश यादव पर तथ्य बिना बयान देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि योगी सरकार जाति नहीं, साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई करती है। उपद्रव में शामिल सभी आरोपियों पर सख्त कार्रवाई होगी।

Etawah controversy, Jayveer Singh statement, Akhilesh Yadav caste politics- India TV Hindi
यूपी के मंत्री जयवीर सिंह और कथावाचकों से मुलाकात करते अखिलेश यादव। Image Source : PTI/X.COM/JAIVEERSINGH099

इटावा: उत्तर प्रदेश के पर्यटन और संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने इटावा में हाल ही में हुई घटना पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर बिना तथ्यों की जांच किए कथावाचक मामले को जातीय रंग देने का आरोप लगाया। मंत्री ने कहा कि योगी सरकार में अपराध को जाति या धर्म से नहीं, बल्कि सबूतों के आधार पर सजा दी जाती है। जयवीर सिंह ने बताया कि इटावा के दांदरपुर गांव में कथावाचक मुकुट मणि यादव और उसके सहायक संत कुमार यादव के साथ बदसलूकी के मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा, उपद्रव फैलाने के आरोप में 15 लोगों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा, 'सभी दोषियों की पहचान की जा रही है और उपद्रव में शामिल हर शख्स को गिरफ्तार किया जाएगा।'

'इटावा में सुनियोजित तरीके से उपद्रव किया गया'

मंत्री ने दावा किया कि इटावा में हुई घटना सुनियोजित थी। उन्होंने कहा, 'उत्तर प्रदेश को दंगामुक्त बनाने से कुछ लोग परेशान हैं। सत्ता की लालच में कुछ लोग उपद्रव करवाना चाहते हैं। जनता ने ऐसी हरकतों से तंग आकर ही सपा को सत्ता से बाहर किया था।' उन्होंने सपा पर सनातन धर्म के अनुयायियों को बांटने का भी आरोप लगाया। जयवीर सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) किसी भी जाति या धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं करती। उन्होंने कहा, 'हमने हमेशा महर्षि वाल्मीकि और व्यास जी का सम्मान किया है। संत रैदास और रविदास के लिए भी बीजेपी ने कई कार्य किए हैं। पीएम मोदी और सीएम योगी ने सफाई कर्मियों का पैर छूकर उनका सम्मान किया है।'

'अखिलेश ने ब्राह्मण समाज पर बेबुनियाद आरोप लगाए'

मंत्री ने अखिलेश यादव पर तथ्यों के बिना बयान देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 'अखिलेश ने ब्राह्मण समाज पर बेबुनियाद आरोप लगाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश की। मैं उनसे आग्रह करता हूं कि वे बिना तथ्यों के बयान न दें।' उन्होंने औरैया और कौशाम्बी में भी साजिश के तहत घटनाएं करवाने का आरोप लगाया। जयवीर सिंह ने इटावा की घटना को दुखद बताया और कहा कि सरकार इस मामले को बहुत गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा, 'लापरवाही की जांच होगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई तथ्यों के आधार पर होगी, न कि जाति या वर्ग के आधार पर।' उन्होंने जनता से भी अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं।

राजनीतिक विवाद में बदला इटावा कथावाचक मामला

इटावा में कथावाचक के साथ बदसलूकी का मामला अब राजनीतिक रंग ले चुका है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस घटना को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा था और सख्त कार्रवाई की मांग की थी। वहीं, जयवीर सिंह ने इसे सपा की सियासी चाल बताया। यह घटना इटावा के बकेवर थाना क्षेत्र के दादरपुर गांव में हुई, जहां कथावाचक पर जाति छिपाने का आरोप लगाकर उनके साथ मारपीट और अपमान किया गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मंत्री जयवीर सिंह ने सभी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार हर अपराधी को सजा देगी और प्रदेश में अमन-चैन बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।