उत्तर प्रदेश के कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कार्रवाई की है। रेलवे पुलिस ने स्टेशन के कैंट साइड स्थित सर्कुलेटिंग एरिया से एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास मौजूद ट्रॉली बैग की तलाशी लेने पर 13 किलो 650 ग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 15 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
बिहार के सिवान जिले का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी बिहार के सिवान जिले का रहने वाला है और ओडिशा से गांजा लेकर दिल्ली के आनंद विहार पहुंचाने की तैयारी में था। आरोपी के पास से बरामद गांजे को कब्जे में लेकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विशेष अभियान के तहत की गई कार्रवाई
एसपी रेलवे अनुभाग प्रयागराज प्रशान्त वर्मा की मॉनिटरिंग और सीओ रेलवे कानपुर शेषमणि उपाध्याय के दिशा-निर्देश में रेलवे स्टेशनों पर संदिग्ध व्यक्तियों और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 20 अगस्त 2026 की रात करीब 12 बजकर 40 मिनट पर जीआरपी कानपुर सेंट्रल और आरपीएफ की संयुक्त टीम स्टेशन परिसर में चेकिंग कर रही थी। प्रभारी निरीक्षक जीआरपी कानपुर सेंट्रल ओम नारायण सिंह और आरपीएफ पोस्ट प्रभारी सिद्धनाथ पाटीदार के नेतृत्व में टीम संदिग्ध यात्रियों और सामान की जांच कर रही थी।
पीपल के पेड़ के नीचे ट्रॉली बैग लेकर खड़ा था संदिग्ध
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम की नजर कैंट साइड स्थित सर्कुलेटिंग एरिया में सुलभ शौचालय के पीछे पीपल के पेड़ के नीचे खड़े एक युवक पर पड़ी। युवक के पास एक ट्रॉली बैग था और उसकी गतिविधियां पुलिस को संदिग्ध लगीं। टीम ने जब युवक से पूछताछ शुरू की तो वह घबरा गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान उसने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क रेलवे पुलिसकर्मियों ने उसे तत्काल पकड़ लिया।
बैग खुलते ही बरामद हुआ गांजा
संदिग्ध युवक के ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई तो उसके अंदर गांजा बरामद हुआ। वजन कराने पर गांजे की कुल मात्रा 13 किलो 650 ग्राम निकली। पुलिस ने मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह ओडिशा से गांजा लेकर आया था और इसे दिल्ली के आनंद विहार पहुंचाना था। वह कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर पेड़ के नीचे बैठकर आनंद विहार जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहा था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनय कुमार शर्मा पुत्र ध्रुव शंकर शर्मा के रूप में हुई है। वह ग्राम रामा छपरा, थाना दुरौंधा, जिला सिवान, बिहार का निवासी है। आरोपी की उम्र करीब 36 वर्ष बताई गई है।
नेटवर्क और आपराधिक इतिहास की जांच शुरू
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा किस व्यक्ति से लेकर आया था और इसे दिल्ली में किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। रेलवे पुलिस ने बरामद गांजे को लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। जांच का मुख्य फोकस तस्करी के पूरे नेटवर्क पर है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके संभावित साथियों और संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। इसके साथ ही आरोपी के पूर्व आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या आरोपी पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल रहा है या यह पहली बार है जब वह इस तरह की गतिविधि में पकड़ा गया है।
आनंद विहार पहुंचने से पहले पकड़ा गया तस्कर
पुलिस की कार्रवाई के चलते आरोपी गांजा लेकर दिल्ली पहुंचने से पहले ही कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर पकड़ लिया गया। रेलवे पुलिस का कहना है कि स्टेशनों और ट्रेनों के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य लोगों और गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
कानपुर से अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
गाड़ी टूट जाएगी, पैसे नहीं हैं बेटा, THAR के बोनट पर चढ़े समर्थक तो BJP सांसद ने जोड़ लिए हाथ