1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गाजियाबाद: पुलिस मुठभेड़ में 4 साल की भतीजी से बलात्कार और हत्या का आरोपी ढेर, परिवार ने शव लेने से किया इनकार

गाजियाबाद: पुलिस मुठभेड़ में 4 साल की भतीजी से बलात्कार और हत्या का आरोपी ढेर, परिवार ने शव लेने से किया इनकार

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Apr 22, 2026 02:50 pm IST,  Updated : Apr 22, 2026 02:55 pm IST

गाजियाबाद पुलिस ने 4 साल की मासूम के साथ बलात्कार और हत्या के आरोपी को मुठभेड़ के बाद मार गिराया है। इस घटना के बाद स्थानीय लोग पुलिस प्रशासन की तारीफ कर रहे हैं।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : REPORTER INPUT

गाजियाबाद में चार साल की भतीजी से बलात्कार और उसकी हत्या करने के आरोपी 55 वर्षीय व्यक्ति की पुलिस मुठभेड़ में मौत के बाद उसके परिवार ने शव लेने से इनकार कर दिया है। वहीं, स्थानीय निवासियों ने पुलिस कार्रवाई का समर्थन किया है। पुलिस के अनुसार, जसीम नामक आरोपी शालीमार गार्डन क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार और हत्या के मामले में वांछित था। पीड़िता का शव एक खड़ी कार के नीचे मिला था। 

बचने के लिए पुलिस पर गोलीबारी कर रहा था आरोपी

पुलिस ने बताया कि आरोपी रविवार देर रात टीला मोड़ थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान मारा गया। वह गिरफ्तारी से बचने की कोशिश में पुलिस पर गोलीबारी कर रहा था, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। 

पुलिस ने आरोपी को ऐसे किया ट्रैक

पुलिस के मुताबिक, 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को दिल्ली रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज के जरिए ट्रैक किया गया था। सूचना मिली कि वह लोनी क्षेत्र में बंथला नहर के पास किसी से मिलने वाला है। इसके बाद पुलिस टीमों ने घेराबंदी की। रुकने के इशारे के बावजूद उसने भागने और गोली चलाने की कोशिश की, जिसके बाद मुठभेड़ हुई। 

दो पुलिसकर्मी भी घायल

इस दौरान दो पुलिसकर्मी, हेड कांस्टेबल अमित और इकबाल घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। शालीमार गार्डन के सहायक पुलिस आयुक्त अतुल कुमार सिंह ने कहा कि आरोपी के पास से हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। 

परिजनों ने शव लेने से किया इनकार

इस बीच, आरोपी के परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया। उसके चचेरे भाई मेहबूब और सौतेले भाई नसीम ने कहा कि परिवार ने अपराध के दिन ही उससे संबंध समाप्त कर लिया था और वे शव पर दावा नहीं करेंगे। 

स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई का समर्थन किया

ट्रांस-हिंडन क्षेत्र के पसौंडा गांव में कुछ स्थानीय लोगों ने पुलिस कार्रवाई का समर्थन किया। नगर निगम पार्षद के पति फिरशाद चौधरी ने समर्थकों के साथ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर कार्रवाई की सराहना की। पुलिस ने कहा कि मामले की आगे की जांच जारी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।