Ghaziabad Assotech The Nest society clash: दिल्ली से सटे गाजियाबाद के अर्बन कंपनी होम सर्विस (इंस्टा हेल्प) की घरेलू सहायिकाओं ने सोसायटी में हंगामा किया है। उनपर गार्डों के साथ मारपीट का आरोप है। अर्बन कंपनी की इंस्टा होम सर्विस से एक घरेलू सहायिका को एक फ्लैट ऑनर ने अपने घर पर काम करने के लिए बुलाया था। घरेलू सहायिका ने आरोप लगाया कि उसके साथ फ्लैट मालकिन ने मारपीट की है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घरेलू सहायिका की शिकायत पर जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
दर्जनों घरेलू सहायिकाओं ने किया हंगामा
इसके बावजूद बुधवार शाम को अर्बन कंपनी की इंस्टा हेल्प सर्विस की कई दर्जन घरेलू सहायिकाएं सोसायटी के गेट पर पहुंचकर हंगामा करने लगीं। तब मौके पर पुलिस भी पहुंची। हंगामा कर रहीं घरेलू सहायिकाएं जबरन सोसायटी में घुस गईं और हंगामा किया। इस दौरान, मारपीट में सोसायटी के एक गार्ड के सिर में गंभीर चोट आई हैं। वहीं, एक घरेलू सहायिका के भी घायल होने की सूचना है।
घरेलू सहायिका ने बताई बवाल की वजह
जान लें कि ये घटना क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के Assotech The Nest सोसायटी की है। हंगामा करने वालों में शामिल एक घरेलू सहायिका ने बताया कि उनकी किसी साथी की E टॉवर में बुकिंग आई थी। जब वह वहां गई तो उसे F टॉवर जाने के लिए कहा गया। जब घरेलू सहायिका ने मना किया तो उसके साथ मारपीट की गई।
गार्ड के साथ की मारपीट
घरेलू सहायिका ने आगे बताया कि जब उनकी साथी ने पुलिस से इंसाफ दिलाने की मांग की तो उससे मेडिकल चेकअप कराने के लिए कहा गया। अपनी साथी के सपोर्ट में हम यहां आए हैं। बता दें कि पुलिस के आश्वासन के बावजूद घरेलू सहायिकाएं सोसायटी में हंगामा करने पहुंच गईं और गार्ड के साथ मारपीट भी की। पुलिस इस दौरान बीच-बचाव करती नजर आई।
(इनपुट- जुबेर अख्तर)
ये भी पढ़ें- महिलाओं के बीच जबर मारपीट, खूब चले लाठी-डंडे; VIDEO हुआ वायरल