Ghaziabad Firing Incident: दिल्ली से सटे गाजियाबाद में ढाबे पर खाना खाने आए गैंगस्टर राहुल जाट पर बीते गुरुवार को ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। पैदल चलते आए बदमाश ने फायरिंग की। इस घटना में राहुल जाट को 5 गोलियां लग गईं। वह गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हुआ है। सीसीटीवी फुटेज में हमलावर राहुल जाट को गोली मारता हुए दिख रहा है। जानें ये पूरा मामला क्या है।
गैंगवार के चलते हमला होने की आशंका
जान लें कि राहुल जाट, मोदीनगर थाने का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। उस पर, गंभीर अपराधों के कई मुकदमे दर्ज हैं। गैंगवार के चलते ये हमला होने की आशंका है। मोदीनगर थाना क्षेत्र के NH-58 पर सीकरी के पास ढाबे पर देर रात ये घटना हुई। CCTV वीडियो में दिख रहा है कि गाड़ी की ड्राइविंग सीट पर बैठा राहुल जाट जब किसी अन्य शख्स से बात कर रहा होता है, तभी दूसरी तरफ से बदमाश आता है और राहुल जाट पर तड़ातड़ गोलियां बरसा देता है।
साथियों से मिलने आए हिस्ट्रीशीटर पर फायरिंग
सहायक पुलिस आयुक्त मोदीनगर भाष्कर वर्मा ने बताया कि 2 अप्रैल को थाना मोदीनगर, पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद में राहुल चौधरी जो कि मोदीनगर थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है, वर्तमान में राजनगर में निवास करता है, अपने कुछ साथियों से मिलने आया हुआ था। जब वह सामान लेकर वापस गाड़ी में बैठा, तो एक व्यक्ति आया जिसने उस पर फायरिंग की।
घायल राहुल खुद गाड़ी चलाकर पहुंचा अस्पताल
उन्होंने आगे कहा कि गोली लगने के बाद राहुल जाट खुद गाड़ी चलाकर संजय नगर स्थित यशोदा अस्पताल में भर्ती हुआ। पुलिस को जैसे ही खबर मिली, टीम मौके पर पहुंची और पूछताछ की। इस मामले की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साधनों से घटना के अनावरण का प्रयास किया जा रहा है।
(इनपुट- जुबेर अख्तर)
ये भी पढ़ें- 'गजवा ए हिंद' लागू करने के लिए साजिश रच रहे 4 युवक गिरफ्तार, देश में आगजनी कर दहशत फैलाने का था मंसूबा