1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गाजियाबाद: कॉलोनी में खुलेआम बांटी गईं दो दर्जन तलवारें, भड़काऊ नारेबाजी भी हुई, हिंदू रक्षा दल के 6 कार्यकर्ता अरेस्ट

गाजियाबाद: कॉलोनी में खुलेआम बांटी गईं दो दर्जन तलवारें, भड़काऊ नारेबाजी भी हुई, हिंदू रक्षा दल के 6 कार्यकर्ता अरेस्ट

 Published : Dec 30, 2025 10:01 am IST,  Updated : Dec 30, 2025 10:06 am IST

हिंदू रक्षक दल के कार्यकर्ताओं ने कॉलोनी में घूम-घूम कर भड़काऊ नारेबाजी की। खुलेआम तलवारे बांटने और भड़काऊ नारेबाजी किए जाने पर पुलिस ने कई धाराओं में केस दर्ज कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : PTI

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद जिले की शालीमार गार्डन कॉलोनी में खुलेआम तलवारें बांटे गई। साथ ही कॉलोनी के अंदर भड़काऊ नारेबाजी भी की गई। पुलिस ने इस मामले में सोमवार को हिंदू रक्षा दल नामक एक संगठन के 6 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त (ट्रांस हिंडन) निमिष पाटिल ने कहा कि हिंदू रक्षा दल नामक संगठन के अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी उर्फ पिंकी तथा उसके साथियों ने शालीमार गार्डन कॉलोनी स्थित अपने कार्यालय पर लोगों को तलवारें बांटी और जुलूस निकाल कर भड़काऊ नारेबाजी की। 

पुलिस ने इन धाराओं में दर्ज किया केस

इस मामले में पिंकी समेत 17 नामजद तथा 24 से अधिक अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि मुख्य अभियुक्त भूपेंद्र चौधरी 'पिंकी' फिलहाल फरार है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2) (दंगा करने का दोषी), 191(3) (दंगा करने का दोषी) 127(2) (गलत तरीके से कैद करना) और आपराधिक कानून संशोधन अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। 

पुलिस ने कई ठिकानों पर की छापेमारी

पुलिस की टीम शालीमार गार्डन कॉलोनी में जुलूस निकालने वाले पदाधिकारियों के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। आरोपी हिंदू समर्थक और मुस्लिम विरोधी नारे लगा रहे थे। पदाधिकारियों ने इलाके में घर-घर जाकर लगभग दो दर्जन हथियार बांटे। 

जल्द ही अन्य आरोपियों को पकड़ा जाएगा- पुलिस

पुलिस अधिकारी पाटिल ने कहा, ‘सोमवार को 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी नामजद और अज्ञात आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। दूसरी ओर, हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने वीडियो जारी किए हैं। इनमें उसके बयान का एक वीडियो भी शामिल है, जिसमें उसने कहा कि उन लोगों का सामना करने के लिए 250 हथियार बांटे गए हैं जो हिंदू परिवारों पर हमला करते हैं और हिंदू लड़कियों और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करते हैं। पुलिस इलाके में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर कड़ी नजर रख रही है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।