1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. UP: चाचा हैं विधायक... बीजेपी MLA के भतीजे की कार के नीचे आई 4 साल की बच्ची, मौके पर हुई मौत

UP: चाचा हैं विधायक... बीजेपी MLA के भतीजे की कार के नीचे आई 4 साल की बच्ची, मौके पर हुई मौत

 Published : Mar 02, 2025 10:33 pm IST,  Updated : Mar 02, 2025 10:39 pm IST

कार की चपेट में आने से 4 साल के मासूम बच्ची की मौत के बाद से परिजन गुस्से में हैं। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : META AI

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में सड़क दुर्घटना का मामला सामने आया है। जहां एक कार की चपेट में 4 साल की बच्ची आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोंडा के कटरा बाजार थाना क्षेत्र में रविवार शाम की ये घटना है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक के भतीजे की कार से चार साल की एक बच्ची की जान चली गई। 

विधायक के भतीजे की गाड़ी से हुआ एक्सीडेंट

कटरा बाजार थाना के प्रभारी निरीक्षक (SHO) राजेश कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्रीय बीजेपी विधायक बावन सिंह का भतीजा रविवार शाम पहाड़ापुर स्थित दयाराम पुरवा गांव में एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आया हुआ था। विधायक के भतीजे की गाड़ी से ही मासूम बच्ची की जान गई है।

नाल से पानी लेकर लौट रही थी बच्ची

उन्होंने कहा कि गांव के रहने वाले राजेश कुमार यादव की बेटी करिश्मा नल से पानी लेकर घर लौट रही थी, तभी वह कार को पीछे कर रहे ड्राइवर की लापरवाही से उसके नीचे आ गई। एसएचओ राजेश कुमार सिंह के मुताबिक, घटना में करिश्मा की मौके पर ही मौत हो गई। 

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

उन्होंने कहा कि राजेश ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ स्थानीय थाने में मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। राजेश सिंह के अनुसार, शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है। 

(भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।