1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बांके बिहारी में जन्माष्टमी की भव्य तैयारी, 700 पासधारकों को मंगला आरती में मिलेगी एंट्री, चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी से नजर

बांके बिहारी में जन्माष्टमी की भव्य तैयारी, 700 पासधारकों को मंगला आरती में मिलेगी एंट्री, चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी से नजर

 Edited By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Sep 04, 2026 09:29 pm IST,  Updated : Sep 04, 2026 09:29 pm IST

जन्माष्टमी पर श्री बांके बिहारी मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश दिए गए हैं। मंदिर परिसर में ही कंट्रोल रूम बनाया गया है। मंगला आरती में कार्डधारकों को ही प्रवेश मिलेगा।

banke Bihari- India TV Hindi
बांके बिहारी मंदिर Image Source : PTI

उत्तर प्रदेश में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर वृंदावन स्थित प्रसिद्ध ठाकुर जी के बांके बिहारी मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इस भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा तथा यातायात के कड़े और व्यापक प्रबंध किए हैं। पुलिस-प्रशासन का मुख्य उद्देश्य सभी भक्तों को सुरक्षित और सुगम दर्शन कराना है।

तीन लेयर की अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मथुरा और जिलाधिकारी ने सुरक्षा तैयारियों का जायजा लेने के बाद बताया कि मंदिर क्षेत्र में त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश देने से पहले विभिन्न प्रवेश बिंदुओं पर चेकिंग और फ्रिस्किंग से गुजरना होगा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई स्थानों पर बैरियर और होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। इसके अलावा पूरे परिसर और आसपास के इलाकों में सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। जगह-जगह वॉच टावर भी बनाए गए हैं, जिन पर पुलिसकर्मी तैनात रहकर हर गतिविधि पर नजर रखेंगे।

कंट्रोल रूम और लाइव टेलीकास्ट की सुविधा

श्रद्धालुओं को समय-समय पर जरूरी दिशा-निर्देश देने के लिए पीए सिस्टम (पब्लिक एड्रेस सिस्टम) से लगातार घोषणाएं की जाएंगी। मंदिर परिसर के भीतर ही एक मुख्य कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से मंदिर के अंदर और बाहर की गतिविधियों का रियल-टाइम समन्वय किया जाएगा। जो श्रद्धालु भीड़ के कारण मंदिर के अंदर प्रवेश नहीं कर सकेंगे, उनके लिए दर्शन और मंगला आरती का लाइव प्रसारण शुरू किया गया है ताकि भक्त बाहर से ही प्रभु के दर्शन कर सकें।

मंगला आरती में केवल 700 पासधारकों को अनुमति

मंगला आरती के संबंध में प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अदालत के आदेशों का सख्ती से पालन किया जाएगा। मंगला आरती के दौरान केवल 700 पासधारक श्रद्धालुओं को ही मंदिर के अंदर प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी। आम श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की जल्दबाजी न करें, धैर्य बनाए रखें और अपने निर्धारित समय का इंतजार करें।

यातायात नियंत्रण और पार्किंग योजना

शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए नो-एंट्री, वन-वे रूट और पार्किंग का विशेष प्लान लागू किया गया है। पुलिस प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों से यातायात नियमों का पालन करने तथा व्यवस्था को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की है।

मथुरा से मोहन श्याम शर्मा की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें 

यूपी पुलिस ने किया इनामी चेन स्नैचर का एनकाउंटर, पैर पर गोली मारकर हिरासत में लिया

नोएडा स्लीपर बस कांड के बाद कानपुर में 'ऑपरेशन अलर्ट'; पर्दे वाली बसों पर होगी पुलिस की पैनी नजर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।