1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ग्रेटर नोएडा में गड्ढे में डूबने से 5 साल के मासूम की मौत, खाली खेत में जमा हो रहे कॉलोनी के पानी में गिरा बच्चा

ग्रेटर नोएडा में गड्ढे में डूबने से 5 साल के मासूम की मौत, खाली खेत में जमा हो रहे कॉलोनी के पानी में गिरा बच्चा

 Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Mar 19, 2026 09:56 am IST,  Updated : Mar 19, 2026 09:56 am IST

Greater Noida Drowning Incident: ग्रेटर नोएडा में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 5 साल के बच्चे की मौत हो गई है। खेलते वक्त बच्चा पानी में गिर गया। बच्चे के पिता ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

Greater Noida Child Drowning Case- India TV Hindi
ग्रेटर नोएडा में पानी में डूबने से बच्चे की मौत। Image Source : REPORTERS INPUT

Greater Noida Child Death: यूपी में ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र की प्रीत विहार कॉलोनी में बीते बुधवार की दोपहर 5 साल के एक बच्चे की गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। बच्चा अपने घर से कुछ दूरी पर पानी से भरे एक गड्ढे में गिर गया था। गड्ढा गहरा होने की वजह से बच्चा उसी फंस गया और बाहर निकल पाया। बाद में उसे निकालकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच पाई।

ई-रिक्शा चलाने वाले के बेटे की मौत

पुलिस के अनुसार, प्रीत विहार कॉलोनी के रहने वाले उमेश कुमार का 5 साल का बेटा देव छपरौला गांव के एक स्कूल में नर्सरी का छात्र था। उमेश कुमार ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। देव बुधवार दोपहर स्कूल से घर लौटा था। इसके बाद वह खेलने के लिए घर से बाहर निकल गया था लेकिन वह लौटकर नहीं आ पाया। पानी भरे गड्ढे में डूबकर मासूम की मौत हो गई। मासूम की मौत से परिवार में मातम है।

खेलते वक्त पानी में गिर गया बच्चा

जान लें कि प्रीत विहार कॉलोनी से निकलने वाला पानी घर से कुछ ही दूरी पर एक गड्ढे में जमा होता है। खेलते समय देव अचानक उस पानी भरे गड्ढे में गिर गया। बच्चे के गिरने का शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे पानी से बाहर निकाला।

परिजनों ने नहीं दर्ज कराई शिकायत

फिर देव को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह गड्ढा इलाके के एक किसान के खाली खेत में बना है, जिसमें कॉलोनी का पानी जमा होता है। परिजनों ने इस घटना के संबंध में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

(इनपुट- राहुल ठाकुर)

ये भी पढ़ें- रावण के मंदिर की रेकी कर डेटा भेजा पाकिस्तान, पुलिस ने पकड़े 2 जासूस; यूं हुआ मकसद का खुलासा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।