1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. घर पर चल रही थी पार्टी तभी हेड कांस्टेबल की पत्नी का आया फोन, कहासुनी के बाद पुलिस की गर्लफ्रेंड ने गोली मारकर की आत्महत्या

घर पर चल रही थी पार्टी तभी हेड कांस्टेबल की पत्नी का आया फोन, कहासुनी के बाद पुलिस की गर्लफ्रेंड ने गोली मारकर की आत्महत्या

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Feb 07, 2026 08:39 am IST,  Updated : Feb 07, 2026 08:47 am IST

गर्लफ्रेंड ने दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारी है। पुलिस ने बताया कि हेड कांस्टेबल का अपनी पत्नी से तलाक का विवाद चल रहा है। गर्लफ्रेंड के साथ वह अलग रह रहा है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : PTI

ग्रेटर नोएडा वेस्ट इलाके से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस में तैनात हेड कांस्टेबल की लाइसेंसी पिस्टल से गर्लफ्रेंड ने खुद को गोली मार दी। इससे उसकी जान चली गई। इस घटना से सोसाइटी के आसपास हड़कंप मच गया।

युवती ने खुद को मारी गोली

दरअसल, पूरा मामला बिसरख कोतवाली क्षेत्र की राधा स्काई गार्डन सोसाइटी का है, जहां देर रात पार्टी के दौरान दिल्ली पुलिस के जवान और उसकी गर्लफ्रेंड के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इस बात पर युवती ने खुद को गोली मार ली। आनन फानन में गंभीर हालत में युवती को नजदीकी अस्पताल भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घर के अंदर हो रही थी पार्टी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला देर रात राधा स्काई गार्डन सोसाइटी में कुछ लोग पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान गोली चलने की आवाज आई, सोसाइटी के लोग जब पास पहुंचे तो देखा एक युवती जो की खून से लथपथ पड़ी थी, जिसको आनन-फानन में तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। 

मृतक युवती के साथ 5 साल से था रिलेशनशिप में

मृतका की पहचान 25 वर्षीय प्रिया के रूप में हुई है, जबकि जिस व्यक्ति को हिरासत में लिया है, उसकी पहचान आशीष के रूप में हुई है। आशीष दिल्ली पुलिस में तैनात है। इसका अपनी पत्नी से तलाक का विवाद चल रहा था और यह पिछले 5 सालों से मृतक युवती के साथ रिलेशनशिप में था। पिछले पांच महीनों से यह दोनों राधा स्काई गार्डन सोसाइटी में ही रह रहे थे।

पत्नी का फोन आने के बाद कहासुनी हुई

गुरुवार को आशीष के कुछ दोस्त घर आए और पार्टी करने लगे। इसी दौरान आशीष की पहली पत्नी का फोन आ गया और फोन प्रिया ने रिसीव कर लिया। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर ही कहासुनी हुई और गुस्से में आकर उसने आशीष की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनते ही सारे लोग मौके पर दौड़े और उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सोसाइटी के फ्लैट को किया गया सील

सेंट्रल नोएडा के एडीसीपी आरके गौतम ने बताया कि अस्पताल की तरफ से पुलिस को सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सोसाइटी के फ्लैट को सील कर दिया है। फॉरेन्सिक टीम मौके पर जांच कर रही है। 

युवती के बॉयफ्रेंड को किया गया गिरफ्तार

युवती के प्रेमी आशीष को गिरफ्तार कर लिया गया है, वह दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल है। उसकी लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। इन दोनों के बीच क्या विवाद हुआ था। इसको लेकर भी गहनता से जांच की जा रही है, फिलहाल मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। साथ ही उसके परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।

राहुल ठाकुर की रिपोर्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।