1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. UP: बारात लेकर गए दूल्हे की पीट-पीटकर हत्या, बंदूक लेकर डांस करता दिखा आरोपी; जानें क्या है मामला

UP: बारात लेकर गए दूल्हे की पीट-पीटकर हत्या, बंदूक लेकर डांस करता दिखा आरोपी; जानें क्या है मामला

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jun 07, 2025 11:05 pm IST,  Updated : Jun 07, 2025 11:05 pm IST

यूपी के गाजीपुर जिले में विवाद के चलते बदमाशों ने दूल्हे की पीट-पीटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि डीजे पर डांस करने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। फिलहाल पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

दूल्हे की पीट-पीटकर की हत्या।- India TV Hindi
दूल्हे की पीट-पीटकर की हत्या। Image Source : INDIA TV

गाजीपुर: जिले के सेवराई तहसील क्षेत्र में एक दूल्हे की पीट-पीटकर हत्या कर देने का मामला सामने आया है। यहां त्रिलोकपुर गांव निवासी ब्रिगेडियर राम के बेटे राकेश कुमार की शादी जगदीशपुर गांव में तय हुई थी। गुरुवार की शाम बारात पूरी धूमधाम के साथ दुल्हन के गांव पहुंची। दुल्हन पक्ष ने बारात का पारंपरिक स्वागत किया और सभी बारातियों को सम्मानपूर्वक जलपान कराया। इसके बाद घर के आंगन में पारंपरिक रस्म पूरी की गई। इन सबके बाद दूल्हा बारात लेकर पंडाल में जा पहुंचा। द्वारपूजा के थोड़ी देर बाद दूल्हा-दुल्हन जयमाल के लिए मंच पर पहुंचे।

डीजे पर डांस करने को लेकर हुआ विवाद

यहां शादी की खुशियों पर उस वक्त ग्रहण लग गया, जब डीजे पर डांस को लेकर दो पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया। डीजे को लेकर हुई छोटी सी बात ने झगड़े का रूप ले लिया और दुल्हन पक्ष के कुछ लोगों ने दूल्हे के पिता को पीटना शुरू कर दिया। पिता को पिटता देख, दूल्हा राकेश उन्हें बचाने के लिए दौड़ा। इसी बीच वहां मौजूद कुछ ग्रामीणों ने उस पर भी लाठी-डंडों और तमंचे की बट से हमला कर दिया। हमले में दूल्हा और उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।

एक आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार।
Image Source : INDIA TVएक आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार।

दूल्हे की इलाज के दौरान हुई मौत

दोनों घायलों को एक निजी नर्सिंग होम में ले गया और फिर उन्हें मेडिकल कॉलेज गाजीपुर भेज दिया गया। हालत नाजुक होने पर दूल्हे को वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां शुक्रवार देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना ने शादी के माहौल को गहरे शोक में बदल दिया। दूल्हे की मौत से पूरे गांव में मातम छा गया। वहीं, पिता की तहरीर पर पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने एक आरोपी को अवैध तमंचा के साथ गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। (इनपुट- शशिकांत तिवारी)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।