1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'मेरी शादी घर वालों ने जबरन यहां कर दी', कहते हुए लड़ती थी पत्नी, युवक ने रिवॉल्वर से खुद को उड़ाया

'मेरी शादी घर वालों ने जबरन यहां कर दी', कहते हुए लड़ती थी पत्नी, युवक ने रिवॉल्वर से खुद को उड़ाया

 Published : Aug 19, 2025 09:22 am IST,  Updated : Aug 19, 2025 09:23 am IST

हापुड़ में 32 साल के युवक ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। हालांकि अब इस घटना में नया मोड़ आया है। बताया जा रहा है कि युवक का शादी के बाद से पत्नी से झगड़ा चल रहा था जिसके चलते वो परेशान था।

hapur youth suicide- India TV Hindi
आरोपी बहू और मृतक आरिश। Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ में एक मां ने अपने इकलौते बेटे की हत्या का आरोप अपनी नई नवेली बहू पर लगाया है। आरोप लगाते हुए पीड़ित मां ने हापुड़ पुलिस को शिकायत देते हुए कार्रवाई की मांग की। पीड़ित मां द्वारा दी गई तहरीर पर हापुड़ पुलिस ने आरोपी बहू के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, जनपद हापुड़ के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर रुस्तमपुर गांव निवासी 32 वर्षीय आरिश की शादी 25 अप्रैल को यूपी के बिजनौर निवासी रहीमा नाम की लड़की से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही लड़की यह कहते हुए अक्सर परिवार में और अपने पति से झगड़ा करती थी कि उसकी शादी जबरन उसके परिवार वालों ने यहां कर दी है। 8 अगस्त को परिवार के इकलौते बेटे आरिश की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई थी। शादी के महज 4 महीने बाद ही अपने इकलौते बेटे की मौत से पीड़ित मां गहरे सदमे में चली गई। 

बहू पर हत्या का आरोप लगाते हुए बेटे की मौत के करीब 7 दिन बाद पुलिस को शिकायती पत्र परिजनों द्वारा दिया गया। मुकदमा दर्ज करने के लिए परिजनों द्वारा पुलिस से गुहार लगाई गई थी। जिस पर बहादुरगढ़ पुलिस द्वारा मृतक युवक की मां की तहरीर पर BNS की धारा 103(1) के तहत आरोपी बहु रहीमा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 

मां के आरोप के बाद मामले में आया नया मोड़

इस पूरी घटना को पहले आत्महत्या माना जा रहा था लेकिन मां द्वारा लगाए गए आरोप के बाद इस घटना में नया मोड़ आ गया है। घटना के बाद यह कहा जा रहा था कि 32 वर्षीय आरिश ने अपने घर में मौजूद दादा की लाइसेंसी बंदूक से खुद को कनपटी पर गोली मार ली। गोली लगने की आवाज सुनने के बाद वह लहूलुहान हो गया था, जिसको आनन फानन में परिजनों द्वारा नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन गंभीर हालत के चलते स्थानीय अस्पताल से उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। इसी दौरान मेरठ के एक अस्पताल में डॉक्टरों ने उस मृत घोषित कर दिया।

4 महीने पहले हुई थी शादी

पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित मां ने बताया कि जनपद हापुड़ के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर रुस्तमपुर निवासी उनके बेटे आरिश अली खान की शादी 25 अप्रैल 2025 को यूपी के बिजनौर जिले की रहने वाली रहीमा नाम की लड़की से हुई थी। शादी के बाद से ही बहू रहीमा बेटे से झगड़ा करने लगी थी और कहती थी कि उसकी शादी उसके घर वालों ने उसकी मर्जी के बिना जबरदस्ती यहां कर दी है। इसी बात को लेकर मृतक और उसकी पत्नी में वाद-विवाद चल रहा था।

देर रात बेटे के कमरे से आई गोली चलने की आवाज

8 अगस्त की देर रात करीब 12:30 बजे सभी घर में सो रहे थे तभी अचानक उनके बेटे के कमरे से गोली चलने की आवाज आई थी। गोली की आवाज सुनकर मौके पर पीड़ित मां अपनी बेटी के साथ सबसे पहले पहुंची थी तो बेटे के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा पीटने पर कुछ देर में उनकी बहू रहीमा ने दरवाजा खोला, तो उनका बेटा खून से लथपथ जमीन पर पड़ा हुआ था। FIR में पीड़ित मां ने आरोप लगाया है कि बहू ने शाम को हुए झगड़े के कारण ही उनके बेटे की हत्या कर दी क्योंकि यह शादी उसकी मर्जी से नहीं हुई थी। 

पुलिस ने क्या कहा?

घटना के बाद इकलौते बेटे की अचानक मौत होने के कारण परिवार सदमे में चला गया। घटना को लेकर थाना प्रभारी बहादुरगढ़ मनोज बालियान ने बताया है कि पीड़ित परिवार द्वारा बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए बहू के खिलाफ शिकायत दी गई है जिस पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में कई गंभीर तथ्य सामने आए हैं जिन पर पुलिस द्वारा जांच की जाएगी ओर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी।

(रिपोर्ट- निशांक शर्मा)

यह भी पढ़ें-

'पापा... मम्मी को दे दो तलाक', जब बेटे ने अपनी बुजुर्ग मां से कई बार किया रेप, बेटी संग पीड़ित महिला पहुंची थाने

'तुम भूत के साये में हो, इलाज नहीं हुआ तो...', 17 साल की लड़की को डराकर 2 लोगों ने किया रेप

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।