1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'मेरी जिंदगी बर्बाद की, मैंने इसे गोलियों से भून डाला', मुरादाबाद में कारोबारी की हत्या कर बोला अरमान, वीडियो किया जारी

'मेरी जिंदगी बर्बाद की, मैंने इसे गोलियों से भून डाला', मुरादाबाद में कारोबारी की हत्या कर बोला अरमान, वीडियो किया जारी

 Edited By: Kajal Kumari @lallkajal
 Published : Feb 28, 2026 08:17 am IST,  Updated : Feb 28, 2026 08:28 am IST

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में हत्या का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। एक कारोबारी की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई और उसके बाद अरमान नाम के एक युवक नेअपना वीडियो जारी कर हत्या की बात स्वीकार की और मृतक पर बड़ा आरोप लगाया। देखें वीडियो...

मुरादाबाद में कारोबारी की हत्या के बाद युवक ने जारी किया वीडियो- India TV Hindi
मुरादाबाद में कारोबारी की हत्या के बाद युवक ने जारी किया वीडियो Image Source : REPORTER

मुरादाबाद के थाना क्षेत्र कुंदरकी में टायर कारोबारी मोहम्मद अनीस की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के तुरंत बाद हत्यारोपी ने वीडियो जारी कर घटना का कबूलनामा करते हुए वीडियो में पिस्टल दिखाते हुए कहा कि इससे तीन चार गोली मारी हैं, सिर्फ मैं ही गुनहगार हूं। हत्या चुनावी रंजिश को लेकर की गई है। घटना के वक्त अनीस अपने छोटे भाई नफीस के साथ मदरसे से तरावीह पढ़कर लौट रहे थे। आरोपितों ने दोनों भाइयों की हत्या करने का प्रयास किया। दूसरे ने भागकर जान बचाई। चौकी करीब होने के बाद भी बैखौफ आरोपित फायरिंग करते हुए पैदल ही मौके से भाग गए। घटना के बाद कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई।

मैंने गोली मार दी, वीडियो किया जारी

घटना के बाद गोली मारने वाले मोहम्मद अरमान निवासी कुंदरकी ने अपना एक वीडियो जारी किया। इस वीडियो में वह कह रहा है कि अनीस ने ताजमहल चुनाव के दौरान मुझ पर चोरी का आरोप लगाकर पीटा था। मेरे पिता को भी भला-बुरा कहा था तभी से रंजिश चल रही थी। उसने मुझे और मेरे पापा को जान से मारने की धमकी दी थी इसलिए मैंने आज उसे मार दिया। उसे मैंने मारा है इसलिए मेरे किसी भी जानने वाले और घरवालों को परेशान न किया जाए। मुझे उससे जान का खतरा था। वीडियो में आरोपित पिस्टल भी दिखा रहा है।

देखें वीडियो

घर के पास मारी गई गोली

मुरादाबाद के कुंदरकी ब्लॉक के पास रहने वाले मोहम्मद अनीस टायर कारोबारी थे इनकी पाकबड़ा में टायर की दुकान है। साथ ही मोहम्मद अनीस के चचेरे भाई की पत्नी मेहजबी वार्ड नंबर 23 से जिला पंचायत सदस्य है। शुक्रवार की देर शाम रोजा इफ्तार के बाद अनीस कुंदरकी के मोहल्ला ताजमहल स्थित मदरसे में अपने भाई नफीस, बेटे अहराज, अरशद और अयान के साथ तरावीह पढ़ने के लिए गए थे और  रात में करीब नौ बजे वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही अनीस अपने घर के गेट पर पहुंचे तो अचानक एक युवक आया और उन्हें गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।

एसपी ने दी ये जानकारी

घायल अवस्था में परिजन अनीस को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां से हालत गंभीर देकर हुए रेफर कर दिया। इसके बाद स्वजन उन्हें दिल्ली रोड स्थित साईं अस्पताल में ले गए। जहां चिकित्सक ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।  मौके पर पहुंचे एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि विवाद का सही कारण अभी तक पता नहीं चला है। परिवार के लोग बाद में शिकायती पत्र देने की बात कह रहे हैं। आरोपी का एक वीडियो मिला है, उसकी जांच भी कराई जा रही है। रात में ही मृतक का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

(मुरादाबाद से राजीव शर्मा की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।