1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी में आंधी-तूफान ने बरपाया कहर, 37 की मौत, कई बिल्डिंग्स की दीवारें गिरीं, मलबे में दबे लोग, जड़ से उखड़े पेड़

यूपी में आंधी-तूफान ने बरपाया कहर, 37 की मौत, कई बिल्डिंग्स की दीवारें गिरीं, मलबे में दबे लोग, जड़ से उखड़े पेड़

 Published : May 13, 2026 09:53 pm IST,  Updated : May 14, 2026 12:03 am IST

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आंधी-तूफान से भारी नुकसान पहुंचा है। कई जिलों में पेड़ उखड़ गए तो बिल्डिंगों की दीवारें भी गिर गई हैं। कई लोग कच्चे घर गिर जाने से मलबे में ही दब गए।

प्रयागराज में कार के ऊपर गिरा पेड़- India TV Hindi
प्रयागराज में कार के ऊपर गिरा पेड़ Image Source : PTI

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बुधवार शाम और रात तेज आंधी-तूफान ने कहर बरपाया है। इस आंधी-तूफान से यूपी में अब तक 37 लोगों की मौत की खबर है। प्रयागराज, फतेहपुर, बदायूं और भदोही जिले में तेज आंधी-तूफान ने तबाही मचाई है। फतेहपुर कई बिल्डिंग्स की दीवारें गिरने से 9 लोगों की मौत हो गई। प्रयागराज में 17 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही भदोही में बुधवार को भारी बारिश के साथ आए शक्तिशाली तूफान के कारण 6 लोगों की मौत हो गई। कई जगहों पर पेड़ जड़ से उखड़ गए हैं। बदायूं में तेज आंधी-तूफान से 5 लोगों की मौत हुई है।

बचाव कार्य में जुटा प्रशासन

फतेहपुर में तेज आंधी और तूफान से जिले में कई जगहों पर नुकसान हुआ है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है, जबकि पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्रयागराज में 17 की मौत, 5 घायल

प्रयागराज में बुधवार शाम आई तेज धूल भरी आंधी और तूफान ने भारी तबाही मचाई है। आंधी-तूफान से जुड़े हादसों में अब तक जिले में 17 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 5 अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में 5 महिलाएं, 4 बच्चे और आठ पुरुष शामिल हैं। सबसे ज्यादा सात मौतें हंडिया तहसील में दर्ज की गई हैं। 

तेज आंधी से बचते लोग
Image Source : PTIतेज आंधी से बचते लोग

16 मकानों को पहुंचा नुकसान

इसके अलावा फूलपुर में 4, सोरांव में 3, मेजा में 2 और सदर क्षेत्र में एक व्यक्ति की जान गई है। तेज आंधी के चलते 20 पशुओं की भी मौत हुई है और 16 मकानों को नुकसान पहुंचा है। जिला प्रशासन और राजस्व विभाग की टीमें सभी तहसीलों से नुकसान का आंकड़ा जुटाने में लगी हैं। एडीएम वित्त एवं राजस्व विनीता सिंह ने बताया कि मौतों का आंकड़ा अभी बढ़ भी सकता है।

बिजली के खंभे उखड़े, घरों पर गिरे पेड़

भदोही में बुधवार को भारी बारिश के साथ आए तूफान के कारण कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई है। अपर जिला मजिस्ट्रेट कुंवर वीरेंद्र कुमार मौर्य ने कहा कि कई इलाकों से बिजली के खंभे और घरों पर पेड़ गिरने की खबरें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि तूफान के बाद मोबाइल नेटवर्क में व्यवधान के कारण बहाली और बचाव कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। 

भदोही में बढ़ सकती है मरने वालों की संख्या

मौर्य ने कहा कि उप-जिलाधिकारी, तहसीलदार और अन्य अधिकारी, पुलिस कर्मियों के साथ, जिले की तीनों तहसीलों में निरीक्षण और राहत कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा, 'अब तक 6 लोगों की मौत की जानकारी मिली है, लेकिन संख्या बढ़ सकती है।' अधिकारी ने कहा कि विस्तृत रिपोर्ट मिलने के बाद ही हताहतों और घायलों की सही संख्या स्पष्ट हो सकेगी।

आंधी से बचते लोग
Image Source : PTIआंधी से बचते लोग

बदायूं में 5 की मौत

वहीं, बदायूं में भीषण धूल भरी आंधी और बारिश के कारण हुई अलग-अलग घटनाओं में दो नाबालिग लड़कियों समेत 5 लोगों की मौत हो गई और 5 लोग घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बिसोली थानाक्षेत्र के सिद्धपुर कैथोली गांव में तूफान के दौरान एक कच्चे मकान की दीवार गिरने से दो लड़कियों - मौसमी (10) और रजनी (9) - की मौत हो गई।

दीवार गिरने से 4 लोग मलबे में दबे

तेज हवाएं चलने के बाद कल्लो और नेहा नाम की दो महिलाओं के साथ ये लड़कियां वहां शरण लेने आई थीं। अधिकारियों ने बताया कि तूफान में दीवार गरने से चारों लोग मलबे के नीचे दब गए। उन्होंने बताया कि दो लड़कियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिलाओं को गंभीर चोटें आईं।

फतेहपुर से उमेश चन्द्र, प्रयागराज से इमरान लईक की रिपोर्ट

(पीटीआई के इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें: 

गर्मी का असर! अब इस राज्य ने सरकारी स्कूलों के समर वैकेशन को 31 मई तक बढ़ाया, शैक्षणिक कैलेंडर में भी बदलाव

बंगाल में TMC नेताओं की सड़क पर चल रही थी 20-50 रुपये की अवैध वसूली, जानिए अब BJP सरकार के बाद क्या हुआ-VIDEO

 
 
 
 
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।