यूपी के ग्रेटर नोएडा में हिट एंड रन का एक मामला सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार कार ने चार से पांच छात्रों को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि यहां पर कई गाड़ियां स्टंट कर रही थीं और स्टंट के दौरान ही उन छात्रों को अल्टो गाड़ी ने टक्कर मारी थी। हादसे से पहले स्टंट का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। वहीं इस घटना को लेकर लोगों में आक्रोश देखने को मिल रहा है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
फिलहाल हादसे के बाद पुलिस ने इस मामले का संज्ञान लिया है। थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि हादसे में छात्रों को ज्यादा गंभीर चोट नहीं आई है। यह वीडियो शुक्रवार शाम का बताया जा रहा है। वहीं आरोपी कार चालक को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमों ने दबिश दी। फिलहाल गाड़ी और उसके चालक को पकड़ लिया गया है।

स्टंट करने के दौरान मारी टक्कर
घटनास्थल के पास ही कोल्ड कॉफी की रेडी लगाने वाले दीपांशु ने बताया कि यह घटना कल शाम की है। उन्होंने बताया कि एक लड़का अल्टो गाड़ी से स्टंट कर रहा था और अपनी गाड़ी को गोल-गोल घूम रहा था। तभी अचानक से उसकी गाड़ी अनियंत्रित होकर चार छात्रों के ऊपर चढ़ गई, जिसमें एक छात्र के पैर पर वह गाड़ी चढ़ी थी और बाकी लोगों को भी चोट लगी थी। उसके बाद सभी को अस्पताल पहुंचाया गया।
सीसीटीवी फुटेज भी आया सामने
घायल के भाई ध्रुव नागर निवासी दुजाना ने बताया कि उनका भाई गौरव नागर जीएनआईओटी कॉलेज से बीसीए की पढ़ाई कर रहा है। कल शाम को वह अपने दोस्तों के साथ कॉलेज के पास से गुजर रहा था। वहीं पर कुछ लड़के तीन-चार गाड़ियों से स्टंट बाजी कर रहे थे और कुछ लोग वीडियो बना रहे थे। जब वह लोग थोड़ा आगे चले गए तो अचानक से गाड़ी आई और उसने उन लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद वह लोग मौके से फरार हो गए। इस हादसे में गौरव नागर के पैर में फैक्चर हो गया है। हालांकि उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वहीं उसके अन्य साथियों को भी इस हादसे में चोट आई है। (इनपुट- राहुल ठाकुर)
यह भी पढ़ें-