1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी के अंबेडकरनगर में IPS अधिकारी की मां की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, हत्या की आशंका, जेवर भी गायब

यूपी के अंबेडकरनगर में IPS अधिकारी की मां की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, हत्या की आशंका, जेवर भी गायब

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Aug 16, 2026 10:37 pm IST,  Updated : Aug 16, 2026 10:55 pm IST

यूपी के अंबेडकरनगर में आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से हड़कंप मच गया है। मां के जेवर भी गायब हैं। इससे लूटपाट और हत्या की आशंका जताई जा रही है।

IPS officer Ashutosh Mishra mother- India TV Hindi
IPS अधिकारी की मां की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत Image Source : REPORTER INPUT

अंबेडकरनगर: यूपी के अंबेडकरनगर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक IPS अधिकारी की मां की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

क्या है पूरा मामला?

अंबेडकरनगर में IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। उनके घर में लूटपाट कर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। उनकी मां के मुंह में तौलिया ठूंसी गई थी और उनके गले में सोने की चैन, नाक की सोने की कील, पैर की पायल गायब है।

घटना बीती रात की बताई जा रही है लेकिन लोगों को इसकी जानकारी रविवार सुबह लगी। मिली जानकारी के मुताबिक, IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां घर में अकेली रहती थीं।

दाई करती थी देखभाल 

IPS अधिकारी की मां की देखभाल एक दाई करती थी। आज सुबह में जब मृतक की देखभाल करने वाली दाई आई तब इस मामले की जानकारी हुई। सूचना पर अयोध्या रेंज के आईजी भी घटना स्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया।

इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मालीपुर थाने में लूट और हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ है। मालीपुर थाना क्षेत्र के धवरूवा के रूढा गांव की घटना है।

मिली जानकारी के मुताबिक, ​बुजुर्ग महिला का शव पड़ा हुआ था और उनके मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था। शरीर के जेवर गायब थे, जिनमें उनके गले की सोने की चैन, तुलसी की माला जिसमें सोने के मोती जड़े थे, नाक की कील , कानों के टॉप्स और पायल गायब मिले और होठों के पास चोट के दो निशान व मुंह से खून निकल रहा था, जिससे लूटपाट के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा 15 अगस्त को गांव के विद्यालय के कार्यक्रम में आए थे और शाम को ही लखनऊ लौटे थे। उनके जाने के कुछ ही घंटों बाद शनिवार देर रात बदमाशों ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। अयोध्या रेंज के आईजी खुद मौके पर पहुंचे। 

आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्र इस समय लखनऊ मुख्यालय पर आवास निर्माण में तैनात हैं। आईपीएस आशुतोष मिश्रा की तहरीर पर थाना मालीपुर में हत्या व लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम हेतु मेडिकल कॉलेज ले गई जहां पर देर रात पोस्टमार्टम कर शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

हाल ही में कानपुर में दंपति पर धारदार हथियार से हमला कर लूटपाट का मामला सामने आया था, इस घटना में पति की मौत हो गई थी और पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हुई थी। 

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने किया पोस्ट

आईपीएस आशुतोष मिश्रा की मां की संदिग्ध हालात में मौत पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया। उन्होंने कहा, "अंबेडकरनगर में एक आईपीएस अधिकारी की माता जी की हत्या का दुखद समाचार आया है। उप्र में पुलिस ही सुरक्षित नहीं है, दुर्भाग्यपूर्ण!" (रिपोर्ट- मिनतुल्लाह)

ये भी पढ़ें-

सोनभद्र में सर्राफा व्यापारी से लूट, विरोध करने पर बदमाशों ने चलाई गोली, चाकू मारकर किया घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।