1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. VIDEO: कानपुर में 36580 KG 'भुना चना' पर चला बुलडोजर, कूड़े के ढेर पर किया गया नष्ट, कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई

VIDEO: कानपुर में 36580 KG 'भुना चना' पर चला बुलडोजर, कूड़े के ढेर पर किया गया नष्ट, कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई

 Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Aug 25, 2026 11:35 am IST,  Updated : Aug 25, 2026 11:42 am IST

भुना चना में जांच के दौरान औरामिन डाई पाया गया है। ये काफी जहरीला केमिकल है। 36,580 किलोग्राम नष्ट किए गए चने की कीमत 33.48 लाख रुपये बताई गई है।

जहरीले चना को किया गया नष्ट- India TV Hindi
जहरीले चना को किया गया नष्ट Image Source : REPORTER INPUT

कानपुर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने न्यायालय के आदेश के अनुपालन में बड़ी कार्रवाई की है। 36,580 किलोग्राम असुरक्षित भुना चना बुलडोजर की मदद से नष्ट किया गया है। यह भुना चना जांच में औरामिन डाई की मौजूदगी पाए जाने के बाद असुरक्षित घोषित किया गया था। इसकी अनुमानित कीमत करीब 33.48 लाख रुपये बताई गई है। सीज किए गए भुना चना का विनष्टीकरण नगर निगम के भौंती स्थित डंपिंग यार्ड में तीन सदस्यीय समिति की निगरानी में पर्यावरण अनुकूल तरीके से कराया गया। विभाग के अनुसार विनष्टीकरण की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की गई।

17 दिसंबर 2025 को सीज किया गया था भुना चना

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने 17 दिसंबर 2025 को कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में भुना चना सीज किया था। प्रयोगशाला जांच में इसमें औरामिन डाई की मौजूदगी पाई गई। इसके बाद खाद्य पदार्थ को असुरक्षित घोषित किया गया। रेफरल प्रयोगशाला की जांच में भी औरामिन डाई की मौजूदगी की पुष्टि हुई।

कोर्ट के आदेश के बाद शुरू हुई विनष्टीकरण की प्रक्रिया

सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय के अनुसार, न्यायिक मजिस्ट्रेट, कोर्ट संख्या-1, कानपुर नगर में सरकार बनाम महेश कुमार गुप्ता से संबंधित दो वादों में सीज सामग्री के विनष्टीकरण को लेकर 14 जुलाई 2026 को आदेश जारी किया गया था। न्यायालय के आदेश का अनुपालन कराने के लिए मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह और डॉ. देवेंद्र सिंह आजाद को समिति का सदस्य बनाया गया।

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से मांगे गए दिशा-निर्देश

समिति ने विनष्टीकरण की प्रक्रिया को पर्यावरण अनुकूल तरीके से पूरा कराने के लिए उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से दिशा-निर्देश मांगे। बोर्ड की ओर से दो पंजीकृत एजेंसियों की जानकारी उपलब्ध कराई गई। संबंधित फर्म ने एजेंसियों से संपर्क किया तो विनष्टीकरण के लिए 40 रुपये प्रति किलोग्राम शुल्क बताया गया। शुल्क अधिक होने के कारण फर्म ने इसे वहन करने में असमर्थता जताई और वैकल्पिक व्यवस्था का अनुरोध किया। इसके बाद नगर निगम से संपर्क कर भौंती स्थित डंपिंग यार्ड में विनष्टीकरण की व्यवस्था की गई।

सील की जांच के बाद नष्ट कराया गया चना

समिति ने मौके पर पहुंचकर सीज सामग्री पर लगी सील की जांच और सत्यापन किया। सील सही पाए जाने के बाद नियमानुसार उसे हटाकर सामग्री को विनष्टीकरण के लिए अवमुक्त किया गया। निरीक्षण के दौरान कुछ भुना चना चूहों से क्षतिग्रस्त भी मिला। इसके बाद उपलब्ध 36,580 किलोग्राम भुना चना को 23 अगस्त 2026 को नगर निगम के भौंती स्थित डंपिंग यार्ड में नगर निगम से अनुबंधित फर्म मेसर्स एनवायरमेंटल टेक्नो, आगरा के माध्यम से नियमानुसार नष्ट कराया गया। विभाग के मुताबिक पूरी कार्रवाई न्यायालय के आदेश और निर्धारित प्रक्रिया के तहत की गई।

अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

हापुड़ में घर के भीतर चल रही नकली क्रीम फैक्ट्री का पर्दाफाश, 955 किलो मिलावटी क्रीम नष्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।