उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात से एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसे सुनकर रूह कांप उठेगी। एकतरफा प्रेम, जुनून और अंधविश्वास ने एक युवक की जिंदगी छीन ली। वशीकरण के नाम पर ठगी और फिर खौफनाक हत्या की गई है। शिवली पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर का खुलासा केवल 72 घंटे में कर दिखाया।
लड़की से एकतरफा प्यार
कानपुर देहात के शिवली थाना क्षेत्र में एक युवक की निर्मम हत्या ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। अरसदपुर निवासी राजाबाबू, एक लड़की से एकतरफा प्यार करता था। लड़की की शादी अप्रैल 2025 में कहीं और हो जाने के बाद वह मानसिक रूप से टूट चुका था। इसी कमजोरी का फायदा उसके तांत्रिक दोस्त नीलू गौतम ने उठा लिया। एक ऐसा शातिर तांत्रिक जो वशीकरण के नाम पर लोगों के दिमाग से खेलता था।
‘बड़ी पूजा’ के नाम पर 2 लाख रुपये की मांग
नीलू ने पहले राजाबाबू को वशीकरण का लालच देकर 36 हजार रुपये हड़प लिए। जब युवक को कोई फायदा नहीं दिखा, तो आरोपी ने ‘बड़ी पूजा’ के नाम पर 2 लाख रुपये की मांग कर दी। राजाबाबू किसी भी तरह अपनी प्रेमिका को पाने की चाह में 1 लाख 50 हजार रुपये का इंतजाम करके 24 नवंबर को नीलू के पास पहुंच गया। यही उसकी जिंदगी की सबसे बड़ी गलती साबित हुई।
तांत्रिक नीलू ने उससे एक सुसाइड नोट भी लिखवाया
27 नवंबर की रात दोनों ने औनाहां के पास शराब पी। इसके बाद सैयद बाबा मजार के पास सुनसान जगह गए। हत्या को आत्महत्या दिखाने की साजिश के तहत नीलू ने उससे एक सुसाइड नोट भी लिखवाया। 'गुड़िया मेरी जिंदगी है, मैं अपनी जिंदगी दांव पर लगा रहा हूं...'
घटना को आत्महत्या जैसा दिखाने की कोशिश की गई
राजाबाबू को बेहोशी की हालत तक शराब पिलाई गई। और फिर मौका पाकर नीलू ने चाकू से सीने पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद ब्लेड, सुसाइड नोट और खून सना कागज रखकर घटना को आत्महत्या जैसा दिखाने की कोशिश की गई।
1.50 लाख रुपये कैश, मोबाइल लेकर फरार
हत्या के बाद आरोपी नीलू, मृतक का 1.50 लाख रुपये कैश, मोबाइल और बाइक लेकर फरार हो गया। हद तो तब हुई जब अगले ही दिन वह कानपुर पहुंचा और मृतक का पैसा लेकर 50 हजार रुपये का जुआ खेल आया, जो पूरा हार गया।
पुलिस ने आरोपी तांत्रिक नीलू को किया गिरफ्तार
मृतक के पिता संतराम की तहरीर पर शिवली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। सर्विलांस की मदद और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी नीलू उर्फ छोटे को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपी के पास से पुलिस ने आला कत्ल (चाकू), मृतक की बाइक, लूटा हुआ मोबाइल, तांत्रिक क्रिया का सामान और 1 लाख रुपये नकद बरामद किए । पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने इस सनसनीखेज खुलासे पर पुलिस टीम को 11,000 रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
ज्ञानेंद्र शुक्ला की रिपोर्ट