1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ग्रीन पार्क की बदहाली के चलते कानपुर से छिनी UP T20 लीग मैचों की मेजबानी, लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होंगे मैच

ग्रीन पार्क की बदहाली के चलते कानपुर से छिनी UP T20 लीग मैचों की मेजबानी, लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होंगे मैच

 Edited By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Jul 03, 2026 11:51 am IST,  Updated : Jul 03, 2026 11:51 am IST

कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में आगामी यूपी टी20 लीग के चौथे सीजन के मैचों की मेजबानी के अधिकार वापस ले लिए गए हैं, जिसमें इसके पीछे की बड़ी वजह स्टेडियम बदहाली को बड़ा कारण माना जा रहा है।

Green Park Kanpur- India TV Hindi
ग्रीन पार्क कानपुर Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश क्रिकेट के लिए बड़ी खबर सामने आई है। कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम से UP T20 लीग के चौथे सीजन की मेजबानी वापस ले ली गई है। अब 14 अगस्त से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट के सभी मुकाबले लखनऊ के इकाना इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। इस फैसले से कानपुर के क्रिकेट प्रेमियों को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि कुछ दिन पहले तक ग्रीन पार्क में पूरे टूर्नामेंट के आयोजन की तैयारियां चल रही थीं।

यूपीसीए की दिल्ली में हुई बैठक के बाद लिया गया फैसला

यूपी क्रिकेट एसोसिएशन की दिल्ली में हुई उच्च स्तरीय बैठक में यह निर्णय लिया गया। यूपीसीए के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने भी इस फैसले की पुष्टि करते हुए बताया कि इस मामले आधिकारिक घोषणा का ऐलान जल्द ही कर दिया जाएगा। हालांकि, अंतिम मुहर लगना बाकी है लेकिन टूर्नामेंट को लखनऊ शिफ्ट करने का निर्णय लगभग तय माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि ग्रीन पार्क स्टेडियम की जर्जर स्थिति इस फैसले की सबसे बड़ी वजह बनी। लंबे समय से स्टेडियम के कई हिस्से मरम्मत की मांग कर रहे हैं। खासकर सी-बालकनी की हालत को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। इसके अलावा स्टेडियम का ड्रेनेज सिस्टम भी काफी कमजोर बताया जा रहा है। अगस्त और सितंबर महीने में मानसून के दौरान हल्की बारिश होने पर भी मैदान में पानी भरने की आशंका बनी रहती है, जिससे मैच प्रभावित हो सकते हैं। ऐसे में यूपीसीए किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहता था।

स्टेडियम के उपयोग को लेकर बढ़ाई गई फीस भी बड़ा कारण

खेल विभाग की ओर से स्टेडियम के उपयोग को लेकर बढ़ाई गई फीस ने भी विवाद खड़ा कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक विभाग ने यूपीसीए से स्टेडियम किराए के रूप में करीब पांच करोड़ रुपये की मांग की थी। इसके अलावा नए शासनादेश के तहत प्रति मैच ढाई लाख रुपये अतिरिक्त शुल्क भी तय किया गया। इतनी बड़ी फीस से यूपीसीए संतुष्ट नहीं था और इसी कारण वैकल्पिक स्थल पर विचार शुरू किया गया। गौरतलब है कि हाल ही में यूपी टी-20 लीग के चेयरमैन और अन्य अधिकारियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ग्रीन पार्क में पूरे टूर्नामेंट के आयोजन का ऐलान किया था। उस समय क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह देखा गया था, लेकिन अब अचानक मेजबानी बदलने से फैंस में निराशा और नाराजगी दोनों देखने को मिल रही हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ग्रीन पार्क स्टेडियम की मरम्मत और आवश्यक सुविधाओं पर ध्यान दिया जाता तो शहर से इतना बड़ा क्रिकेट आयोजन नहीं छिनता।

सरकार से अब स्टेडियम के आधुनिकीकरण के लिए जल्द बजट जारी करने की मांग

ग्रीन पार्क स्टेडियम की बदहाली को लेकर अब फैंस की सरकार से मांग की है कि आधुनिकीकरण के लिए जल्द बजट जारी किया जाए। उनका कहना है कि कानपुर लंबे समय से उत्तर प्रदेश के प्रमुख क्रिकेट केंद्र के रूप में पहचान रखता है और भविष्य में ऐसे बड़े टूर्नामेंटों की मेजबानी बनाए रखने के लिए स्टेडियम की सभी कमियों को दूर करना बेहद जरूरी है। अब यूपी टी-20 लीग के सभी मुकाबले लखनऊ के आधुनिक इकाना स्टेडियम में खेले जाएंगे। ऐसे में कानपुर के दर्शकों को अपने शहर में लाइव क्रिकेट का रोमांच देखने का मौका नहीं मिलेगा और मैच देखने के लिए उन्हें लखनऊ का रुख करना होगा या फिर टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मुकाबलों का आनंद लेना पड़ेगा।

कानपुर से अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें

कुछ घंटों की बारिश में डूबा कानपुर, नगर निगम के दावों की खुली पोल, सड़कें बनीं तालाब

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में दूसरे राउंड में 10 लोग SIT के रडार पर, अनिल मिश्रा से पूछताछ, चंपत राय से भी दोबारा होंगे सवाल-जवाब

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।