1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. राहुल गांधी रायबरेली से लड़ सकते हैं चुनाव, अमेठी से इस नेता का नाम सबसे आगे, सूत्रों के हवाले से खबर

राहुल गांधी रायबरेली से लड़ सकते हैं चुनाव, अमेठी से इस नेता का नाम सबसे आगे, सूत्रों के हवाले से खबर

 Reported By: Vijai Laxmi Edited By: Mangal Yadav
 Published : May 02, 2024 11:54 pm IST,  Updated : May 03, 2024 06:27 am IST

कांग्रेस नामांकन के आखिरी दिन शुक्रवार को अपने उम्मीदवारों को लेकर जारी सस्पेंस खत्म करेगी। पार्टी रायबरेली से राहुल गांधी को टिकट देने पर विचार कर रही है।

राहुल गांधी - India TV Hindi
राहुल गांधी Image Source : FILE-PTI

नई दिल्लीः कांग्रेस रायबरेली और अमेठी के लिए अपने उम्मीदवारों की लिस्ट शुक्रवार को जारी करेगी। सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी रायबरेली और केएल शर्मा अमेठी से उम्मीदवार बनाए जा सकते हैं। शुक्रवार को ही ये दोनों नेता अपना नामांकन भी दाखिल कर देंगे। यहां पर पर्चा दाखिल करने की आखिरी तारीख 3 मई यानी शुक्रवार है। मतदान 20 मई को होगा। 

सोनिया गांधी भी नामांकन में हो सकती हैं शामिल

इससे पहले अटकलें लगाई जा रही थीं कि कांग्रेस सस्पेंस खत्म कर राहुल गांधी को अमेठी से स्मृति ईरानी के खिलाफ मैदान में उतार सकती है, लेकिन अब उन्हें मैदान में उतारे जाने की संभावना बहुत कम है। सूत्रों ने कहा कि पार्टी ने दोनों सीटों पर नामांकन दाखिल करने की तैयारी शुरू कर दी है। सूत्रों ने कहा कि सोनिया गांधी के भी शुक्रवार को नामांकन दाखिल करने में शामिल होने की संभावना है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं को राहुल गांधी से उम्मीद

बता दें कि कांग्रेस पार्टी ने अभी तक अमेठी लोकसभा सीट से अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है, लेकिन यहां पार्टी कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि राहुल गांधी ही इस सीट से चुनाव लड़ेंगे। नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख से एक दिन पहले कांग्रेस पार्टी कार्यालय में आज काफी हलचल रही। शाम को पार्टी कार्यालय में राहुल गांधी और अखिलेश यादव की तस्वीर वाला बड़ा होर्डिंग लगाया गया। एक होर्डिंग में लिखा गया कि ‘‘हाथ बदलेगा हालात। लड़गें ‘इंडिया’ जीतेगा इंडिया।’

अनिल सिंह ने दी ये जानकारी

कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता अनिल सिंह ने कहा कि हमें शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए जुलूस के लिए 151 वाहनों की अनुमति मिली है। हमें उम्मीद है कि राहुल गांधी आएंगे और सीट से अपना नामांकन दाखिल करेंगे। पार्टी का गढ़ रही अमेठी सीट कांग्रेस वर्ष 2019 के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से हार गई थी। सीट से निवर्तमान सांसद एवं भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी ने 2019 में राहुल गांधी को हराया था। 

(भाषा इनपुट के साथ)

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।