1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लखनऊ एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग का बड़ा एक्शन, पकड़ी 10 करोड़ की ड्रग्स; बैंकॉक से मस्कट होते हुए यूं लाई जा रही थी यूपी

लखनऊ एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग का बड़ा एक्शन, पकड़ी 10 करोड़ की ड्रग्स; बैंकॉक से मस्कट होते हुए यूं लाई जा रही थी यूपी

 Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Jun 05, 2026 11:18 pm IST,  Updated : Jun 05, 2026 11:36 pm IST

Hydroponic Marijuana Seized: कस्टम विभाग को लखनऊ एयरपोर्ट पर 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की 10 किलोग्राम ड्रग्स पकड़ने में बड़ी कामयाबी मिली है। इस ड्रग्स को बैंकॉक से मस्कट होते हुए लखनऊ लाया गया था।

Lucknow Airport drug seizure- India TV Hindi
लखनऊ एयरपोर्ट पर 10.397 किलोग्राम ड्रग्स जब्त की गई है। Image Source : REPORTERS INPUT

Lucknow Airport Drug Seizure: यूपी की राजधानी लखनऊ में एयरपोर्ट पर करोड़ों की ड्रग्स बरामद हुई है। कस्टम विभाग की बड़ी कार्रवाई में लखनऊ एयरपोर्ट पर ड्रग्स पकड़ी गई है। बैंकॉक से मस्कट होते हुए एक यात्री ड्रग्स लेकर पहुंचा था, जिसे बरामद कर लिया गया है। ग्रीन चैनल पर संदेह होने पर यात्री को रोका गया और उसके पास से तलाशी के दौरान ड्रग्स बरामद हुई।

13 पैकेट हाइड्रोपोनिक गांजा हुआ बरामद

कस्टम विभाग ने ट्रॉली बैग से 13 पैकेट हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया है। बरामद हुए इस मादक पदार्थ का वजन 10.397 किलोग्राम निकला है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ड्रग्स की कीमत करीब 10.39 करोड़ रुपये आंकी गई है। कस्टम विभाग, यात्री से पूछताछ कर रही है और पता लगा रही है कि क्या इस तस्करी में कोई बड़ा नेटवर्क है। इस करतूत में उसके साथ और कौन-कौन लोग हैं।

NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तार हुआ आरोपी

बता दें कि प्रारंभिक जांच में मादक पदार्थ के मारिजुआना होने की पुष्टि हुई है। कस्टम डिपार्टमेंट ने एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और जांच एजेंसियां ड्रग्स तस्करी नेटवर्क के तार खंगालने में जुट गई हैं। लखनऊ एयरपोर्ट पर बरामद हुआ हाइड्रोपोनिक गांजा अपेक्षाकृत अधिक महंगा और हाई क्वालिटी वाला माना जाता है। इसे नियंत्रित वातावरण में खास तकनीक के जरिए उगाया जाता है, जिसकी वजह से इंटरनेशनल मार्केट में इसकी कीमत काफी ज्यादा है।

तस्करी से जुड़े लोगों की तलाश तेज

इसी कारण से पिछले कुछ वर्षों में इसकी स्मगलिंग के मामलों में भी वृद्धि देखने को मिली है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि सीज की गई ड्रग्स की खेप को लखनऊ या यूपी में किसके पास पहुंचाया जाना था। इस तस्करी के पीछे कौन लोग एक्टिव हैं।

इंटरनेशनल फ्लाइट्स से आने वाले यात्रियों की निगरानी बढ़ी

कस्टम डिपार्टमेंट ने बताया कि इंटरनेशनल फ्लाइट्स से आने वाले पैसेंजर्स की निगरानी लगातार बढ़ी है। संदिग्ध एक्टिविटीज पर नजर रखने के लिए प्रोफाइलिंग, यात्रियों के सामान की स्कैनिंग और खुफिया इनपुट का भी सहारा लिया जाता है। माना जा रहा है कि ड्रग्स की यह बरामदगी किसी बड़े इंटरनेशनल ड्रग स्मगलिंग नेटवर्क से जुड़ी हो सकती है। जांच एजेंसियां इस नेटवर्क के भारत और विदेश में फैले संभावित नेटवर्क का पता लगा रही हैं।

(रिपोर्ट- विशाल सिंह)

ये भी पढ़ें- यूपी में फिर चली IPS की 'तबदला एक्सप्रेस', जानें किस अधिकारी को कहां मिली तैनाती?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।